Trending

यूटीटी सीज़न 6: कोलकाता थंडरब्लेड्स प्लेऑफ की दौड़ में, गत चैंपियन डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को हराया

अहमदाबाद: अंकुर भट्टाचार्य, क्वाड्री अरुणा और एड्रियाना डियाज़ की दमदार एकल जीत की बदौलत कोलकाता थंडरब्लेड्स ने इंडियनऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 6 में रविवार को गत विजेता डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 9-6 के अंतर से शिकस्त दी।

इस जीत के साथ कोलकाता थंडरब्लेड्स ने प्लेऑफ स्थानों में जगह बनाते हुए अंकतालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। उनके अब 29 अंक हैं। वहीं गोवा भी जयपुर पैट्रियट्स और यू मुंबई टीटी के बराबर अंकों पर पहुंच गया है, लेकिन अधिक गेम जीतने के चलते ऊपर बना हुआ है।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में और नीरज बजाज एवं वीटा दानी के संरक्षण में आयोजित इंडियनऑयल यूटीटी देश की प्रमुख प्रोफेशनल लीग के रूप में लगातार लोकप्रियता हासिल कर रही है।

मुकाबले की शुरुआत दो दिग्गज खिलाड़ियों के आमने-सामने होने से हुई। गोवा के कप्तान हरीत देसाई ने पहला गेम 11-10 से जीतकर शानदार वापसी की, जबकि अरुणा ने अगले दो गेम जबरदस्त आक्रामकता के साथ जीतकर हरीत को इस सीजन की पहली एकल हार दी। इसके बाद एड्रियाना डियाज़ ने कृत्त्विका सिन्हा रॉय को 3-0 से हराया, जिसमें उन्होंने एक अविश्वसनीय डिफेंसिव रैली के साथ मैच प्वाइंट जीतकर ‘शॉट्स ऑफ द टाई’ अवॉर्ड जीता।

डबल्स में अंकुर और डियाज़ ने हरीत और ज़ेंग जियान की जोड़ी को 2-1 से हराकर अपनी पहली संयुक्त जीत दर्ज की। इसके बाद अंकुर ने रोनित भंजा के खिलाफ एक गेम से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए निर्णायक गेम 11-1 से जीता और अपने अजेय अभियान को कायम रखा।

ज़ेंग जियान ने सेलिना सेल्वाकुमार को 3-0 से हराकर गोवा के लिए मजबूत अंत किया और अपना रिकॉर्ड 4-0 कर लिया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सकीं। इस प्रदर्शन के लिए अंकुर को ‘इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई’ और डियाज़ को ‘फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई’ चुना गया।

कोलकाता थंडरब्लेड्स के लिए यह डबल खुशी का दिन रहा क्योंकि उन्होंने दिन में पहले ड्रीम यूटीटी जूनियर्स का उद्घाटन संस्करण भी जीत लिया। इंडियनऑयल यूटीटी और ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन की इस संयुक्त पहल में कोलकाता ने यू मुंबई टीटी को 5-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

ऋत्विक गुप्ता ने एकल में जीत के साथ शुरुआत की, फिर स्वरा कर्माकर के साथ मिलकर डबल्स में टीम को 4-2 की बढ़त दिलाई। स्वरा ने आखिरी एकल मुकाबला जीतकर खिताब पक्का कर दिया। कोलकाता को विजेता के तौर पर ₹2 लाख और यू मुंबई को उपविजेता के तौर पर ₹1 लाख मिले।

फाइनल स्कोर:

कोलकाता थंडरब्लेड्स 9-6 डेम्पो गोवा चैलेंजर्स

क्वाड्री अरुणा ने हरीत देसाई को 2-1( 10-11, 11-10, 11-6) से हराया

एड्रियाना डियाज़ ने कृत्त्विका सिन्हा रॉय को 3-0 (11-1, 11-4, 11-6) से हराया

अंकुर भट्टाचार्य/एड्रियाना डियाज़ ने हरीत देसाई/ज़ेंग जियान को (2-1 11-10, 9-11, 11-7) से हराया

अंकुर भट्टाचार्य ने रोनित भंजा को 2-1 (10-11, 11-10, 11-1)से हराया

सेलिना सेल्वाकुमार ज़ेंग जियान से 0-3 (4-11, 6-11, 4-11) से हारीं