Trending

वेस्टइंडीज क्रिकेट को झटका: निकोलस पूरन ने अचानक लिया अंतर्राष्ट्रीय संन्यास

वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मंगलवार 10 जून 2025 को सबको हैरान करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। महज 29 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करके क्रिकेट जगत को चौंका दिया।

Nicholas Pooran (@nicholaspooran)

निकोलस पूरन ने सोशल मीडिया से अपने फैंस के साथ अपने रिटायरमेंट की खबर को शेयर किया। निकोलस पूरन ने रिटायरमेंट को बहुत कठिन फैसला बताया है। वेस्टइंडीज के लिए 160 से ज्यादा व्हाइट बॉल मैच खेलने वाले पूरन टेस्ट क्रिकेट नहीं खेले थे। निकोलस पूरन ने 61 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 106 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 4,000 से अधिक रन बनाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

Nicholas Pooran (@nicholaspooran)

पूरन का इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेना इसलिए भी चौंकाता है, क्योंकि इंग्लैंड में हाल ही में संपन्न हुई व्हाइट-बॉल सीरीज से उन्होंने आराम की मांग की थी, क्योंकि वे आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे थे। उन्होंने ऋषभ पंत की टीम के लिए शानदार खेल दिखाया था और 14 मैचों में लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए थे।

इंस्टाग्राम पर निकोलस पूरन ने लिखा, “काफी सोच-विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।” पूरन कुछ समय पहले तक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वेस्टइंडीज के कप्तान थे, लेकिन अगले टी20 विश्व कप से सिर्फ आठ महीने पहले उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी।

वे लिखते हैं, “यह खेल जिसे हम प्यार करते हैं, उसने हमें बहुत कुछ दिया है और देता रहेगा – खुशी, उद्देश्य, अविस्मरणीय यादें और वेस्टइंडीज टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका।

मैरून रंग की जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सबकुछ देना…शब्दों में बयां करना मुश्किल है कि यह मेरे लिए वास्तव में क्या मायने रखता है। कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करना एक ऐसा सम्मान है, जिसे मैं हमेशा अपने दिल के करीब रखूंगा।”