Trending

पूरन का फैसला: पैसा, बोर्ड से अनबन या मानसिक थकान – क्या है असली वजह?

एक टाइम ऐसा था, जब डॉक्टर्स ने वेस्टइंडीज बल्लेबाज निकोलस पूरन को ये तक बोल दिया था कि वे शायद आगे क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। अपनी मेहनत, रिहैब और इच्छाशक्ति से उन्होंने डॉक्टर्स के कहे को झूठा साबित कर दिया।

साभार : गूगल

ये बात 2015 की है, जब उनके साथ एक कार दुर्घटना हुई थी, लेकिन इसके बाद से वे 60 से ज्यादा वनडे और 100 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच वेस्टइंडीज के लिए खेले, लेकिन 29 की उम्र में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहकर सभी को चौंका दिया।

पैसा : आज के समय में पैसे से किसे मोह नहीं है? निकोलस पूरन फिर इससे दूर कहां जा सकते हैं। अगर वे वेस्टइंडीज के लिए 10 साल खेलें तब जाकर उनको इतने पैसे मिलेंगे, जितनी उनकी आईपीएल 2025 की इनकम थी।

दो करोड़ रुपये एक सीजन के लिए वेस्टइंडीज के प्लेयर्स को सभी फॉर्मेट के मैच खेलने के लिए मिलते हैं, जबकि आईपीएल 2025 की निकोलस पूरन की सैलरी ही 21 करोड़ है, जो सिर्फ दो महीने क्रिकेट खेलने के लिए मिलेंगे। ऐसे में पैसा एक बड़ा फैक्टर उनके साथ है। वे अब इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे तो अलग-अलग लीग्स में जरूर खेल सकते हैं और मोटा पैसा छाप सकते हैं।

बोर्ड से तकरार : इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच हाल ही में तीन मैचों की वनडे सीरीज और इतने ही मैचों की अब टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के लिए निकोलस पूरन ने ये कहकर किनारा कर लिया था कि वे आईपीएल में बिजी हैं।

हालांकि, वे टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध हो सकते थे, लेकिन फिर भी वे इस सीरीज से दूर रहे। हो सकता है कि उनके और बोर्ड के बीच इसको लेकर तकरार हुई हो और उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला लिया हो। हालांकि, इस बारे में ना तो निकोलस पूरन ने कुछ बोला है और ना ही बोर्ड की ओर से ऐसा कोई दावा किया गया है।

मानसिक थकान : जब आप हर समय क्रिकेट खेलते हैं तो आपको शारीरिक थकान होती ही है, लेकिन साथ में मानसिक थकान भी इन दिनों एक बड़ी समस्या है।

हो सकता है कि इन्हीं चीजों से बचने के लिए उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान किया हो, क्योंकि आईपीएल 2025 के बाद उनको इंटरनेशनल क्रिकेट खेलनी थी और फिर कुछ महीने बाद कैरेबियन प्रीमियर लीग का आयोजन होना है। अगर कोई क्रिकेटर दो फॉर्मेट खेलता है और दो या इससे ज्यादा लीग्स में खेलता है तो उसके पास रिकवरी का टाइम वाकई में कम होता है। ऐसे में ये कारण भी उनके रिटायरमेंट का हो सकता है।