भारतीय हॉकी टीम का खराब डिफेंस, अर्जेंटीना के हाथों लगातार तीसरी हार
बुधवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा तथा उसे खराब डिफेंस की वजह से एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण में अर्जेंटीना के खिलाफ 3-4 से हार मिली, जो उसकी तीसरी हार है।

भारत को ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड के खिलाफ 1-2 और 2-3 से हार मिली थी। अर्जेंटीना ने अपने शानदार खेल से भारतीय रक्षापंक्ति की कमजोरी का खुलकर खुलासा किया। टीम से कप्तान मटियास रे (तीसरे मिनट), लुकास मार्टिनेज (17वें मिनट), सैंटियागो तराज़ोना (34वें मिनट) और लुसियो मेंडेज़ (46वें मिनट) ने गोल करके जीत पक्की की।
भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (12वें और 33वें मिनट) और अभिषेक (42वें मिनट) ने गोल किए। नीदरलैंड के खिलाफ लगातार दो हार के बाद भारत ने सकारात्मक शुरुआत की और पहले क्वार्टर में गेंद पर अधिकतर समय कब्जा बनाए रखा।
अर्जेंटीना ने तीसरे मिनट में कप्तान मटियास रे के गोल से बढ़त बनाई, जो भारतीय डिफेंडर अमित रोहिदास की गलती का नतीजा था। पिछड़ने के बाद भारत ने शेष क्वार्टर में अपना दबदबा बनाए रखा तथा 12वें मिनट में बराबरी हासिल की जब कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी को गोल में बदला।
पहले क्वार्टर के बाद दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। दूसरे क्वार्टर में अर्जेंटीना ने शानदार प्रदर्शन किया। उसने इस क्वार्टर के दूसरे मिनट में ही मार्टिनेज के गोल से बढ़त बनाई। अर्जेंटीना ने इस बार भी रोहिदास की गलती का फायदा उठाया। मध्यांतर के तीन मिनट बाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करके भारत को बराबरी दिलाई, जो उनका दिन का दूसरा गोल था।
भारत की खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी क्योंकि 60 सेकेंड बाद एक और रक्षात्मक चूक हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम को महंगी पड़ गई। तब तराजोना ने गलती का फायदा उठाकर अपनी टीम को फिर से बढ़त दिलाई। अर्जेंटीना ने जल्द ही अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया लेकिन भारत ने उसका अच्छी तरह से बचाव किया।
भारत ने 39वें मिनट में अपना दूसरा पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन इस मौके का फायदा उठाने में असफल रहा। अभिषेक ने 42वें मिनट में रिबाउंड से गोल करके भारत को बराबरी दिलाई, जबकि जरमनप्रीत सिंह का सर्कल के ऊपर से लगाया गया पहला शॉट अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैटियागो ने बचा लिया था।
लेकिन अंतिम क्वार्टर के 18वें सेकंड में मेंडेज़ ने गोल करके अर्जेंटीना को निर्णायक बढ़त दिलाई। यह गोल भारतीय रक्षात्मक पंक्ति की एक और चूक का नतीजा था। भारत को 55वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसने यह मौका गंवा दिया। भारतीय टीम अपना अगला मैच गुरुवार को अर्जेंटीना के खिलाफ ही खेलेगी।