एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्व कप : भारत पूल C में, 24 टीमें लेंगी हिस्सा
भारत को दिसंबर में चिली के सैंटियागो में खेले जाने वाले एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्व कप में जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल सी में रखा गया है।

प्रत्येक दो साल में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में 24 टीमें भाग लेंगी। चार-चार टीमों के छह पूल होंगे, जिसमें पांच बार के चैंपियन नीदरलैंड को पूल ए में तथा दो बार के विजेता अर्जेंटीना को पूल बी में रखा गया है। यह टूर्नामेंट एक से 13 दिसंबर तक होगा।
इस प्रतियोगिता को पिछली बार 2023 में सैंटियागो में ही आयोजित किया गया था जिसमें 16 टीम ने भाग लिया था। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘चिली के सैंटियागो में आज आयोजित ड्रा समारोह के अवसर पर एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्व कप 2025 के छह पूल निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में पहली बार 24 टीमें भाग लेंगी।’’ भारत ने यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट कभी नहीं जीता है।
जर्मनी के मोनचेंग्लाडबैक में खेलने गए टूर्नामेंट भारत तीसरे और दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में खेले गए टूर्नामेंट में चौथे स्थान पर रहा था। गोलकीपर निधि के नेतृत्व में टीम ने हाल ही में अर्जेंटीना में संपन्न चार देशों के टूर्नामेंट में चार मैच जीते और दो हारे थे। भारतीय टीम ने उरुग्वे को दो बार हराया तथा चिली और अर्जेंटीना के खिलाफ एक-एक मैच जीता था।
जूनियर महिला विश्व कप के लिए विभिन्न वर्ग इस तरह से हैं:
पूल ए: नीदरलैंड, जापान, चिली, मलेशिया
पूल बी: अर्जेंटीना, बेल्जियम, जिम्बाब्वे, वेल्स
पूल सी: जर्मनी, भारत, आयरलैंड, नामीबिया
पूल डी: इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, चीन, ऑस्ट्रिया
पूल ई: ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, कनाडा, स्कॉटलैंड
पूल एफ: अमेरिका, कोरिया, न्यूजीलैंड, उरुग्वे