Trending

आर्या व अर्जुन ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पर साधा निशाना

आर्या बोरसे और अर्जुन बबूता ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चीन के जिफेई वांग और लिहाओ शेंग को 17-7 से हराकर शनिवार को आईएसएसएफ विश्व कप की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

@OfficialNRAI

आर्या और बबूता अहम मौके पर धैर्य और एकाग्रता का शानदार नमूना पेश करते हुए चीन के खिलाड़ियों को खिताबी मुकाबले में कोई मौका नहीं दिया। भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में 635.2 का स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक दौर में प्रवेश किया, जो वांग और शेंग (635.9) से सिर्फ 0.7 अंक पीछे था।

चीन की जोड़ी का यह स्कोर क्वालिफिकेशन विश्व रिकॉर्ड भी है। आर्या ने 317.5 का स्कोर किया, जबकि बबूता ने क्वालिफिकेशन में 317.7 का स्कोर किया। आर्या इस साल की शुरुआत में पेरू के लीमा में विश्व कप में रुद्राक्ष पाटिल के साथ मिलकर 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी है।

इस स्पर्धा में अन्य भारतीय जोड़ी इलावेनिल वलारिवन और अंकुश जाधव 631.8 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन में छठे स्थान पर रही। नॉर्वे की जीनेट हेग ड्यूस्टैड और जॉन-हरमन हेग ने अमेरिका के सेगेन मैडालेना और पीटर मैथ्यू फियोरी पर 16-14 से जीत के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

यह मौजूदा विश्व कप में भारत का दूसरा स्वर्ण और कुल चौथा पदक है। सुरुचि सिंह ने शुक्रवार को स्वर्ण जीता था जबकि इस सप्ताह के शुरू में सिफ्त कौर समरा और इलावेनिल ने अपने-अपने व्यक्तिगत मुकाबलों में दो कांस्य पदक जीते थे।