Trending

पिच चेक करने पहुंचे बुमराह को रोका गया, जानें क्या था पूरा वाकया

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम इंडिया में वापसी हुई है। पहले मैच में पांच विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेज करने के लिए दूसरे टेस्ट में आराम दिया गया था।

साभार : गूगल

हालांकि उन्होंने लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट में वापसी की है। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में मौका मिला है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

लॉर्डस क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस से ठीक पहले जसप्रीत बुमराह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पिच को चेक करने के लिए जाते हैं लेकिन उन्हें मना कर दिया जाता है और इस पर बुमराह ने मजाक में उन्हें उकसाने की कोशिश की। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर मैच शुरू होने से पहले जसप्रीत बुमराह बाकी खिलाड़ियों के साथ वॉर्म अप कर रहे थे।

इस बीच वह टॉस से पहले एक आखिरी बार पिच देखने के लिए पहुंचे। बुमराह ने पिच के चारों तरफ लगी रस्सी को पार किया और पिच के करीब पहुंचे। उन्होंने पिच को छुआ और थोड़े रुके रहे। इस दौरान ग्राउंड पर मौजूद आधिकारी ने उनसे पिच से थोड़ा दूर जाने के लिए कहा। इस दौरान बुमराह अधिकारी को उकसाते हुए नजर आए और पूछा कितना दूर खड़ा हूं।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए थे। लेकिन इसके बाद वह विकेट लेने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पहले टेस्ट की दूसरी पारी में बुमराह को कोई विकेट नहीं मिला था और फिर लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पहले सेशन में भी बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली है।

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली और बेन डकेट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े।

नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने पहले ही ओवर में बेन डकेट (23) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रेड्डी ने जैक क्रॉली (18) को पंत के हाथों आउटकर भारत को एक ही ओवर में दोहरी सफलता दिलाई।