वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ : ऑस्ट्रेलिया ने 176 रनों से जीता पिंक बॉल टेस्ट
पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को तीसरे टेस्ट में 176 रनों से हराकर मेजबानों का 3-0 से सूपड़ा साफ किया। वेस्टइंडीज को तीसरे पिंक बॉल टेस्ट की आखिरी पारी में कंगारुओं ने मात्र 27 रनों पर समेट दिया।

यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे लोएस्ट स्कोर है। न्यूजीलैंड के नाम टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे लोएस्ट स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड है, 1955 में इंग्लैंड के खिलाफ कीवी टीम मात्र 26 के स्कोर पर ढेर हो गई थी।
सैम कोन्स्टास से हुई आखिरी पलों में मिस फील्ड के चलते वेस्टइंडीज को एक रन मिल गया, नहीं तो मेजबान टीम 70 साल पुराने लोएस्ट स्कोर की बराबरी कर लेती। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम मात्र 225 के स्कोर पर ढेर हो गई थी। कोई बल्लेबाज 50 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया।
स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, वहीं कैमरुन ग्रीन ने 46 रन बनाकर उनका साथ दिया। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए। पिंक बॉल टेस्ट में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की हालत तो ऑस्ट्रेलिया से भी बुरी दिखी। पूरी टीम पहली पारी में 143 रनों पर सिमट गई।
कोई बल्लेबाज अर्धशतक तो छोड़ो 40 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया। कंगारुओं के लिए बोलैंड ने 3 तो पैट कमिंस और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट चटकाए। पहली पारी के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास 82 रनों की बढ़त थी।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने कैमरुन ग्रीन की 42 रनों की पारी से मात्र 121 रन बनाए और मेजबानों के सामने जीत के लिए 204 रनों का टारगेट रखा। इस स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क ने तीन-तीन झटके दे दिए।
स्टार्क का कहर यहीं खत्म नहीं हुआ, 5वें ओवर में दो और विकेट लेकर उन्होंने मात्र 7 के स्कोर पर वेस्टइंडीज की आधी टीम को पवेलियन पहुंचा दिया था।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज मात्र 14.3 ओवर ही ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक बॉलिंग अटैक के आगे टिक पाए। स्टार्क ने 7.3 ओवर में 9 रन खर्च कर सर्वाधिक 6 विकेट चटकाए, वहीं बोलैंड को 3 तो हेजलवुड को एक सफलता मिली। अभी तो पैट कमिंस गेंदबाजी करने नहीं आए थे। मिचेल स्टार्क को उनकी धाकड़ परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया।