वेस्टइंडीज का शर्मनाक प्रदर्शन : टेस्ट इतिहास का दूसरा सबसे कम स्कोर, ऑस्ट्रेलिया ने धोया 137 साल पुराना कलंक
ऑस्ट्रेलिया ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने जमैका के सबीना पार्क में तीसरे मैच में वेस्टइंडीज को 176 रनों से हराया।

204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 14.3 ओवर में महज 27 रन पर सिमट गई। यह टेस्ट इतिहास का दूसरा लोएस्ट टोटल है। साथ ही यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी टीम द्वारा बनाए गए सबसे कम रन भी हैं।
अनुभवी कंगारू तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने वेस्टइंडीज के परखच्चे उखड़ाए। उन्होंने 9 रन देकर 6 विकेट चटकाए। पेसर स्कॉट बोलैंड ने हैट्रिक ली। ऑस्ट्रेलिया ने दमदार प्रदर्शन के बाद अपने माथे पर लगा 137 साल पुराना कलंक धो दिया है। वहीं, वेस्टइंडीज के नाम टेस्ट का शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, वेस्टइंडीज के टॉप छह बल्लेबाज दूसरी पारी में सिर्फ छह रन ही बना सके। ऐसा टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ है, जब किसी टीम के शीर्ष छह बल्लेबाजों ने एक पारी में 10 से कम रन बना पाए हों। पिछला रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खाते में था। ऑस्ट्रेलिया ने 1888 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ 12 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने 1896 में ओवल में इंग्लैंड के सामने एक पारी में 13 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज ओपनर जॉन कैम्पबेल का खाता नहीं खुला। मिकाइल लुइस ने चार रन बनाए। केवलन एंडरसन, ब्रैंडन किंग और कप्तान रोस्टन चेज डक का शिकार हुए। विकेटकीपर शाई होप के बल्ले से 2 रन निकले। वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक रन जस्टिन ग्रीव्स (11) ने बनाए।
शमर जोसेफ, जोमेल वारिकन और जेडेन सील्स भी शून्य पर लौटे। वेस्टइंडीज के कुल सात खिलाड़ी जीरो पर आउट हुए, जो किसी टेस्ट पारी में पहली बार हुआ। इससे पहले एक टेस्ट पारी में छह खिलाड़ियों के शून्य पर आउट होने के 9 मामले सामने आ चुके हैं।