Trending

शिमरन हेटमायर का तूफान, एक ओवर में 5 छक्के मारकर बदला मैच का रुख

ग्लोबल सुपर लीग के सेमी-फाइनल में शिमरन हेटमायर ने बल्ले से गदर काट दिया। गुयाना ऐमजॉन वॉरियर्स से होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ उन्होंने फैबियन एलेन के एक ही ओवर में 5 छक्के समेत 32 रन बटोरे।

साभार : गूगल

मंगलवार को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में हेटमायर ने सिर्फ 10 गेंद में 39 रन की पारी खेलकर अपनी टीम के लिए फाइनल का टिकट कटा लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए होबार्ट हरिकेंस की पूरी टीम 16.1 ओवर में 125 रन बनाकर आउट हो गई।

जवाब में ऐमजॉन वॉरियर्स का 9 ओवर के बाद स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 43 रन था। तब जीत के लिए 72 गेंदों में 82 रन चाहिए थे और सेमीफाइनल मैच के दबाव की वजह से यह चेज बहुत चुनौतीपूर्ण था।

नौवे ओवर में ही जब ऐमजॉन का स्कोर 42 रन था तब 3 विकेट गिरने के बाद हेटमायर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने 10वें ओवर में पूरा गेम ही पलट दिया। फैबियन एलेन गेंदबाजी के लिए आए और हेटमायर ने छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने पहला सिक्स लॉन्ग ऑन के ऊपर से लगाया।

दूसरी गेंद पर बाउंड्री के एकदम पास खड़े ओडीन स्मिथ ने उनका कैच छोड़ दिया और गेंद सिक्स के लिए बाउंड्री पार चली गई। तीसरी और चौथी गेंद पर भी उन्होंने छक्का जड़ा। पांचवीं गेंद पर वह दो रन दौड़कर लिए और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर भी सिक्स लगा दिया। इस तरह उन्होंने एक ही ओवर में 5 छक्कों से 32 रन कूट दिए।

हेटमायर को उसामा मीर ने आउट किया। 10 गेंदों पर 39 रन की विस्फोटक पारी में उन्होंने 6 छक्के उड़ाए। ऐमजॉन वॉरियर्स ने 17वें ओवर में ही 4 विकेट बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अब 18 जुलाई को फाइनल में उसका मुकाबला रंगपुर राइडर्स से होगा।