देश की खातिर क्रिकेट को कहा ‘न’, भावनाओं ने पलटा पूरा टूर्नामेंट
शिखर धवन, हरभजन सिंह जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ियों द्वारा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बाद इस मैच को रद्द कर दिया गया है। डब्ल्यूसीएल ने इसका अधिकारिक ऐलान सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म एक्स पर किया।

भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का यह मैच आज (20 जुलाई) को खेला जाना था। अप्रैल में हुए पहलगाम अटैक के बाद भारत पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी स्तर पर क्रिकेट ना खेलने का मन बना चुका है। दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी है, ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों ने इस मैच में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया।
डब्ल्यूसीएल ने अपने अधिकारिक बयान में लिखा, ” डब्ल्यूसीएल में हमने हमेशा क्रिकेट को महत्व दिया है और उससे प्यार किया है, और हमारा एकमात्र उद्देश्य प्रशंसकों को कुछ अच्छे, खुशी के पल देना है।
यह समाचार सुनने के बाद कि पाकिस्तान हॉकी टीम इस वर्ष भारत आ रही है, तथा हाल ही में भारत बनाम पाकिस्तान वॉलीबॉल मैच तथा दोनों देशों के बीच विभिन्न खेलों के कुछ अन्य मैच देखने के बाद, हमने डब्ल्यूसीएल में भारत बनाम पाकिस्तान मैच जारी रखने के बारे में सोचा – ताकि विश्व भर के लोगों के लिए कुछ सुखद यादें बनाई जा सकें।
लेकिन हो सकता है कि इस प्रक्रिया में हमने कई लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई हो और उनकी भावनाएं भड़काई हों। इससे भी अधिक, हमने अनजाने में अपने भारतीय क्रिकेट दिग्गजों को असुविधा पहुंचाई, जिन्होंने देश को इतना गौरव दिलाया है, और हमने उन ब्रांडों को भी प्रभावित किया, जिन्होंने विशुद्ध रूप से खेल के प्रति प्रेम के कारण हमारा समर्थन किया था।
इसलिए हमने भारत बनाम पाकिस्तान मैच रद्द करने का फैसला किया है। हम भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए एक बार फिर ईमानदारी से माफी मांगते हैं और आशा करते हैं कि लोग यह समझेंगे कि हम बस प्रशंसकों के लिए कुछ खुशी के पल लाना चाहते थे।”
बता दें, शिखर धवन ने अधिकारिक रूप से पाकिस्तान के खिलाफ मैच ना खेलने का ऐलान किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “जो कदम 11 मई को लिया, उसमें आज भी वैसे ही खड़ा हूं।
मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता।” वहीं रिपोर्ट्स हैं कि शिखर धवन के अलावा हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और यूसुफ पठान भी इस मैच का हिस्सा नहीं बनना चाहते। भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना है, ऐसे में अगर 5 खिलाड़ी नहीं खेलेंगे तो 10 प्लेयर्स के साथ प्लेइंग इलेवन बनाना भी संभव नहीं होगा।