फ्रीस्टाइल शतरंज में कार्लसन की दमदार वापसी, अर्जुन और प्रज्ञानानंदा को दी मात
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने लय में वापसी करके फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम में अर्जुन एरिगेसी को 2-0 और आर प्रज्ञानानंदा को 3-1 से हराया। इस टूर्नामेंट के फाइनल में हैंस मोके नीमन का सामना अमेरिका के लेवोन अरोनियन से होगा जबकि कार्लसन तीसरे स्थान के लिए दुनिया के दूसरे नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा से भिड़ेंगे।

कार्लसन के लिए दोनों मैच काफी रोमांचक रहे क्योंकि इससे पहले प्रज्ञानानंदा ने उन्हें टूर्नामेंट जीतने का मौका हासिल करने से महरूम कर दिया था। भारतीय खिलाड़ी ने इस मिनी-मैच के पहले गेम में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत की लेकिन नॉर्वे के खिलाड़ी ने ‘रिटर्न गेम’ में वापसी की और जीत हासिल कर टूर्नामेंट में वापसी की।
वहीं अर्जुन ने पहले गेम में बढ़त हासिल की लेकिन इसे कायम नहीं रख सके जबकि दूसरे गेम में कार्लसन सर्वश्रेष्ठ साबित हुए। अंतिम दिन की अन्य बाजियों में अर्जुन पांचवें स्थान के प्ले-ऑफ के लिए अमेरिका के फैबियानो कारूआना से भिड़ेंगे जबकि प्रज्ञानानंदा को सातवें स्थान के लिए एक अन्य अमेरिकी वेस्ली सो से भिड़ना है।
अंतिम दिन सबकी निगाहें नीमन पर लगी होंगी जो अंतिम आठ चरण में सबसे कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं और 200,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि के लिए वापसी करने वाले अरोनियन के सामने होंगे।