छक्कों की बौछार : ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को पहले टी-20 में धोया
डेब्यूटेंट मिशेल ओवेन के तूफानी अर्धशतक से ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को पहले टी-20 में हराकर 5 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। जमैका में हुए इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए मेजबानों ने 8 विकेट के नुकसान पर 189 रन बोर्ड पर लगाए थे। इस लक्ष्य का पीछा कंगारुओं ने 7 गेंद शेष रहते किया।

मिशेल ओवेन के अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए इस रन चेज में कैमरून ग्रीन चमके जिन्होंने भी शानदार अर्धशतक जड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरान चौकों से ज्यादा छक्के जड़े। सर्वाधिक 6 सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज मिशेल ओवेन ही रहे। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज को तूफानी शुरुआत मिली।
कप्तान शे होप (55) और रोस्टेन चेज (60) ने शानदार अर्धशतक जडते हुए दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी करी। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि मेजबान टीम आसानी से 200 का स्कोर पर कर लेगी। मगर लोअर मिडिल ऑर्डर के खराब प्रदर्शन के चलते टीम आखिरी 16 गेंदों पर 7 ही रन बना सकी, इस दौरान उन्होंने 4 विकेट गंवाए। 190 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
दोनों सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क (2) और मिशेल मार्श (24) पावरप्ले में ही पवेलियन लौट गए थे। वहीं जोश इंग्लिस (18) और ग्लेन मैक्सवेल (11) भी बड़ा स्कोर नहीं कर पाए। एक समय पर कंगारुओं ने 78 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे, तब कैमरून ग्रीन (26 गेंदों पर 51) और मिशेल ओवेन (27 गेंदों पर 50) ने रन चेज का भार उठाया और तूफानी पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। दोनों ने मिलकर इस दौरान 11 छक्के जड़े।
डेविड वॉर्नर और रिकी पोंटिंग के बाद मिशेल ओवेन ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू टी-20 मैच में अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बने हैं।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने इस रन चेज में 6 चौके लगाए, जबकि 17 बार गेंद को सीधा बाउंड्री के पार पहुंचाया। 18.5 ओवर में आसानी से इस स्कोर को हासिल कर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच 22 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा।