कोनेरू हम्पी ने रचा इतिहास : महिला विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय
भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने रविवार को चीन की अंतरराष्ट्रीय मास्टर युक्सिन सोंग को मात देकर फिडे महिला शतरंज विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सफेद मोहरों से पहला गेम जीतने के बाद हम्पी अंतिम चार में पहुंचने से एक ड्रॉ दूर थीं और उन्होंने चीनी खिलाड़ी के खिलाफ दूसरे गेम में कड़े मुकाबले में ड्रॉ के बाद यह उपलब्धि हासिल की। 2021 में फिडे महिला चेस विश्व कप की शुरुआत हुई थी। हम्पी इसके सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं।
2023 में हरिका द्रोणावल्ली ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। चौथा स्थान पक्का होने के साथ हम्पी को शीर्ष तीन में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे जिससे उन्हें अगले महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह भी मिल जाएगी जिसके लिए यहां से शीर्ष तीन खिलाड़ी क्वालीफाई करेंगी।
हम्पी की प्रतिद्वंदी ट्रेंडी जोबावा लंदन सेटअप के साथ मैदान में उतरीं, ताकि अनुभवी खिलाड़ी को परेशान कर सकें। लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ऐसा करने के मूड में नहीं थीं। दूसरी ओर, हरिका द्रोणावल्ली और दिव्या देशमुख के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली।
दोनों में से किसी में भी स्पष्ट विजेता नहीं निकला। दो ड्रॉ के साथ, अब वे सोमवार को रैपिड और ब्लिट्ज टाईब्रेकर में उतरेंगे। उनमें से एक हम्पी के साथ अंतिम चार में शामिल हो जाएगा, जिससे भारत के लिए बाकू में दो सेमीफाइनलिस्ट पक्के हो जाएँगे।
ग्रैंडमास्टर आर वैशाली पूर्व विश्व महिला चैंपियन चीन की झोंगयी टैन के खिलाफ हार गईं जबकि उन्होंने पहला गेम ड्रॉ खेला था। टैन के अलावा चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त टिंगजी लेई भी जॉर्जिया की नाना द्जाग्निद्जे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गईं।