Trending

हरभजन सिंह का करुण नायर के लिए समर्थन : हर खिलाड़ी को बराबर मौके मिलने चाहिए

भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने भारतीय बल्लेबाज करुण नायर का फुल सपोर्ट किया है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से मांग की है कि जिस तरह से आपने शुभमन गिल और केएल राहुल को बैक किया है, करुण नायर को पर्याप्त समय मिलना चाहिए।

साभार : गूगल

करुण नायर 8 साल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे और इंग्लैंड के खिलाफ वे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले तीन मैचों में खुल चुके हैं, लेकिन प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। उनका स्कोर इस सीरीज मे क्रमशः 0, 20, 31, 26, 40 और 14 का रहा है। वे 22 से भी कम के औसत से 131 रन बना सके हैं।

छोटे-छोटे स्कोर उनके लिए गले की फांस बन गए हैं और ऐसे में उनकी जगह पर संकट के बादल हैं। हरभजन ने इस बात पर जोर दिया कि हर खिलाड़ी को उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि करुण नायर को टीम में खुद को स्थापित करने का समय मिलना चाहिए।

भज्जी ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “हां, करुण ने रन नहीं बनाए हैं, लेकिन अगर आपने उन्हें मौका दिया है, तो उन्हें कुछ समय तक बनाए रखना चाहिए। सभी खिलाड़ियों को उचित मौका मिलना चाहिए। करुण अभी इसके हकदार हैं। शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी पहले भी इसके हकदार थे।”

डोमेस्टिक क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के दम पर करुण नायर ने टेस्ट टीम में जगह बनाई थी। उन्होंने 9 मैचों में 863 रन बनाए थे, जबकि लिस्ट ए मैचों में भी उनका तूफानी प्रदर्शन जारी रहा था।

हरभजन ने स्वीकार किया कि साई सुदर्शन को केवल एक मौका देना उचित नहीं था, लेकिन अब जबकि नायर को तीन मौके मिल चुके हैं तो मैनेजमेंट को उनके साथ बने रहना चाहिए। हरभजन ने कहा, “क्राइटेरिया सभी के लिए एक जैसे होने चाहिए।

अगर दूसरों को पांच या छह मौके मिले, तो करुण ने क्या गुनाह किया है? मुझे लगता है कि साईं सुदर्शन को सिर्फ एक मौका देना उचित नहीं था, लेकिन अब जब आप अब तक करुण नायर के साथ बने हुए हैं, तो उसे यहां खिलाना ठीक था।”

करुण नायर को चौथे टेस्ट में मौका मिलने की उम्मीद है, लेकिन अगर इस मैच में फेल हुए तो फिर उनका हमेशा के लिए टीम से पत्ता कट जाएगा या फिर ज्यादा से ज्यादा आखिरी टेस्ट उनको और मिल सकता है।