Trending

आंद्रे रसेल का आखिरी इंटरनेशनल मैच : एक धमाकेदार विदाई

दिग्गज वेस्टइंडीज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल बुधवार 23 जुलाई को अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे। उनके बल्ले ने आखिरी मैच में आग उगली। अपने फैंस और स्टेडियम में पहुंचे हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन आंद्रे रसेल ने किया, लेकिन आखिर में वेस्टइंडीज को हार मिली।

साभार : गूगल

इस तरह आंद्रे रसेल की विदाई खुशनुमा अंदाज में वेस्टइंडीज की टीम नहीं कर पाई। इस फेयरवेल पार्टी में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने खलल डाला, जिन्होंने तूफानी अंदाज में 33 गेंदों में 78 रन बनाए।

आंद्रे रसेल ने इस बात का ऐलान पहले ही कर दिया था कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहले दो मुकाबले उनके इंटरनेशनल करियर के आखिरी मैच होंगे। जमैका के सबीना पार्क में वे अपने फैंस और होम ग्राउंड में विदाई मैच खेलना चाहते थे।

हालांकि, दोनों मैचों में टीम को हार मिली। दूसरे मैच की बात करें तो आंद्रे रसेल ने 15 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 36 रनों की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 240 का था। 51 रन ब्रैंडन किंग ने बनाए थे। 20 ओवर में टीम 172 रन बना पाई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 173 रनों का टारगेट 16वें ओवर में ही हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद आंद्रे रसेल ने कहा, “मैं बस शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, सबीना पार्क के लोगों और WICB को इस मौके के लिए शुक्रिया। घरेलू दर्शकों के सामने खेलकर बहुत खुशी हुई, नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन इतने सारे मैच खेलकर मैं खुश हूं और टीम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

नतीजा (आज) हमारे पक्ष में नहीं गया, आप सभी के समर्थन के लिए शुक्रिया, मैं इसकी बहुत सराहना करता हूं। मुझे याद है कि हमने दो विश्व कप जीते थे, झंडे बुलंद थे, लेकिन आखिरकार – मुझे लगता है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया था, हमारी टीम में कई अच्छे खिलाड़ी हैं, शेफर्ड भी जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं और रदरफोर्ड, अल्ज़ारी और होल्डर जैसे खिलाड़ी भी हैं।

सबीना पार्क में अपने करियर का अंत करना शानदार रहा, नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन क्रिकेट का यही खेल है। आपने हमारा बहुत साथ दिया है और आगे भी देते रहिए।” आंद्रे रसेल के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 86 मैचों में कुल 1122 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 163.80 का था।

3 अर्धशतक उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में जड़े। गेंदबाज के तौर पर वे 61 विकेट चटकाने में सफल हुए। उनका बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस 19 रन देकर 3 विकेट था। 2011 में उन्होंने टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया था। हालांकि, 2010 में वे टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर चुके थे, लेकिन करियर में सिर्फ एक ही मैच खेले। 56 वनडे इंटरनेशनल मैच भी उन्होंने खेले।