Trending

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

बीएस राय : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि अखिलेश यादव केवल लठैतवाद के सिद्धांत पर ही भरोसा करते हैं।

श्री मौर्य ने कहा कि, “कब्जाधारी सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव के अपने शासन में अवैध कब्जा वाले कृत्य पर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगा दी है। दरअसल, ‘लठैतवाद’ के सिद्धांत में भरोसा करने वाले सपाई जिस जमात का साथ पसंद करते हैं, उनका ‘पहला उसूल’ ही कब्जा करना होता है।”

गौरतलब है कि यूपी के पीलीभीत जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) को महज 115 रुपये प्रतिमाह किराए पर मिली नगरपालिका की संपत्ति को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत ने गंभीर सवाल उठाए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले को “राजनीतिक शक्ति का स्पष्ट दुरुपयोग” और “धोखाधड़ी से कब्जा” करार दिया है।

दरअसल, यह विवाद तब गहराया, जब सपा ने नगर पालिका परिषद के बेदखली आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए सपा की मंशा और किराया व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े किए।