ऋषभ पंत की चोट पर बीसीसीआई ने जारी किया बयान, टीम इंडिया की बढ़ी चिंता
भारत बनाम इंग्लैंड मैचेस्टर टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत की चोट ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी है। 37 के निजी स्कोर पर पंत क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप मारने के प्रयास में चोटिल हो गए। गेंद उनके पैर पर सीधा जाकर लगी। पंत दर्द से कराह रहे थे।

जब मैदान पर फीजियो आए तो पता चला कि उनका पैर सूज गया है और थोड़ा खून भी निकला है। भारतीय विकेटकीपर की यह चोट इतनी गंभीर थी कि वह मैदान पर खड़ा भी नहीं हो पा रहे थे। उन्हें मिनी एंबुलेंस के जरिए बाहर ले जाया गया। चौथे टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ने वाले साई सुदर्शन ने दिन का खेल खत्म होने के बाद ऋषभ पंत की चोट पर अपडेट दिया है।
साई सुदर्शन ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उन्हें निश्चित रूप से बहुत दर्द हो रहा था, लेकिन वे स्कैन के लिए गए हैं। हमें रात भर में पता चल जाएगा, शायद कल तक जानकारी मिल जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा, “जाहिर है, उनकी कमी बहुत खलेगी, क्योंकि आज भी उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की थी, और साथ ही हमें एक बल्लेबाज की कमी भी खलेगी। अगर वह दोबारा नहीं लौटे तो इसके नतीजे जरूर होंगे। लेकिन साथ ही, जो बल्लेबाज अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम में कुछ और ऑलराउंडर भी हैं।
हम अपना सर्वश्रेष्ठ देने और लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे ताकि हम उससे अच्छी तरह निपट सकें।” पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने एक्स पर ऋषभ पंत की चोट पर अपडेट देते हुए लिखा, ‘मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय ऋषभ पंत के दाहिने पैर में चोट लग गई।
उन्हें स्टेडियम से स्कैन के लिए ले जाया गया। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है।’ ऋषभ पंत की यह चोट काफी गंभीर लग रही है। उम्मीद कम है कि वह दूसरे दिन बैटिंग के लिए आ सके। अगर वह दूसरे दिन रिस्क लेकर बल्लेबाजी करने आते हैं तो वह सीरीज के आखिरी मैच से बाहर हो सकते हैं।
बता दें, पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 264 रन बोर्ड पर लगाए। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन ने अर्धशतक जड़े, जबकि केएल राहुल ने 46 रनों की पारी खेली। दिन का अंत होने तक रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं।