चाइना ओपन : सिंधु को हराकर चमकी उन्नति, सात्विक-चिराग ने बढ़ाया भारत का मान
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और एचएस प्रणय एक बार फिर दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। दुनिया की 15वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु गुरुवार को 35वें नंबर की हमवतन उन्नति हुड्डा के हाथों एक घंटे 13 मिनट तक चले मुकाबले में 16-21, 21-19, 13-21 से हराकर चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता प्रणय ने चीनी ताइपे के छठे वरीयता प्राप्त चोऊ तिएन चेन के खिलाफ पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की। पर इसके बाद अगले दोनों गेम हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। प्रणय को एक घंटे पांच मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 15-21, 8-21 हार झेलनी पड़ी। चेन की यह प्रणय पर 14 मुकाबलों में आठवीं जीत है।
हरियाणा की 17 वर्षीय उन्नति की यह 30 वर्षीय सिंधु पर दो मुकाबलों में पहली जीत है। पिछले मुकाबले में सिंधु ने उन्नति को हराया था। पर इस बार युवा उन्नति के जोश के आगे सिंधु का अनुभव काम नहीं आया। पहले दोनों गेम में कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें उन्नति ने पहला गेम जीता। दूसरे में सिंधु ने बाजी मारी। निर्णायक गेम में उन्नति पूरी तरह से सिंधु हावी रही।
उन्नति को अब दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा। सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और बगास मौलाना को 43 मिनट में 21-19, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने अपने धैर्य का अच्छा नमूना पेश करते हुए आठवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई जोड़ी को कड़े मुकाबले में मात दी।
पहले गेम में इंडोनेशियाई जोड़ी ने पहले 8-6 और बाद में 14-12 की मामूली बढ़त बना ली थी, लेकिन भारतीय जोड़ी ने 14-16 के स्कोर के बाद लगातार पांच अंक जीतकर 19-16 से बढ़त बना ली और फिर पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में भी यही स्थिति रही। एक समय लियो और बगास 14-10 की बढ़त बनाए हुए थे।
लेकिन भारतीय जोड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 से बराबर कर दिया और आखिरी क्षणों में भी संयम बनाए रखते हुए अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
यह काफी उतार-चढ़ाव वाला मैच था। कोई भी टीम किसी भी समय बड़ी बढ़त हासिल नहीं कर पाई। पहले गेम के आखिर में हम लगातार तीन-चार अंक बनाने में सफल रहे। दूसरे गेम के शुरू में हम थोड़ा अधिक धैर्य के साथ खेल सकते थे लेकिन उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। मुझे खुशी है कि हम आखिर में मैच जीतने में सफल रहे।’ -चिराग शेट्टी