अरशद नदीम की काफ सर्जरी, नीरज चोपड़ा से डायमंड लीग मैच खटाई में
काफ (पिंडली की मांसपेशी) की सर्जरी कराये जाने की वजह से पाकिस्तान ओलंपिक विजेता अरशद नदीम अगले महीने सिलेसिया डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के साथ होने वाले बहु-प्रतीक्षित भाला फेंक मुकाबले पर अब प्रश्नचिह्न लग गया है। इस खिलाड़ी ने आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए अभी सर्जरी कराने का फैसला किया है।

उन्होंने हाल ही में कैम्ब्रिज के स्पायर हॉस्पिटल में डॉ. अली बाजवा से अपने राइट काफ पर एक इंटरवेंशनल सर्जरी कराई। नदीम लंदन में रिकवरी के दौर से गुजर रहे हैं।
पोलैंड में 16 अगस्त को खेले जाने वाली सिलेसिया डायमंड लीग में भारत-पाक के इन दो सितारों के बीच पेरिस 2024 में उनके ऐतिहासिक मुकाबले के बाद पहली टक्कर होने की उम्मीद थी, जहां नदीम ने 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
टोक्यो 2020 चैंपियन नीरज चोपड़ा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। नदीम के कोच सलमान बट ने बोला कि 27 वर्षीय खिलाड़ी ने आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए सर्जरी कराने का फैसला किया है।
सलमान बट ने एक समाचार एजेंसी को बताया, “वह (नदीम) सितंबर में टोक्यो में खेले जाने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं, इसलिए उन्होंने अपनी पिंडली की मांसपेशी की सर्जरी कराने का फैसला किया, जो उन्हें कुछ समय से परेशान कर रही थी। मुझे नहीं लगता कि वे (नीरज और नदीम) वर्ल्ड इवेंट तक एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे।”