Trending

एशिया कप 2025 : यूएई में 9 से 28 सितंबर तक होगा टी20 महासंग्राम

एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को एशियाई कप की मेजबानी को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है। मोहसिन नकवी ने कहा कि एशिया कप 9 से 28 सितंबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात में खेला जाएगा।

साभार : गूगल

टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। एसीसी के पांच पूर्ण सदस्य (भारत, अफगानिस्तान, बंगलादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका) के अलावा यूएई, ओमान और हांगकांग टूर्नामेंट में स्पर्धा करेंगे। गुरुवार को ढाका में हुई एसीसी की वार्षिक बैठक में एशिया कप ही अहम मुद्दा था।

मई में भारत-पाकिस्तान सैन्य झड़प के बाद टूर्नामेंट के 17वें संस्करण का भाग्य अनिश्चितता में पड़ गया था। यह टूर्नामेंट यूएई में आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान ने 2027 तक सभी बहु राष्ट्रीय टूर्नामेंट में अपने सभी मैच तटस्थ स्थानों पर खेलने के लिए पारस्परिक रूप से सहमति व्यक्त की है।

यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। पीसीबी प्रमुख नकवी ने एक्स पर लिखा, “मुझे यूएई में एसीसी पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखों की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक चलेगा। हम क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं।

Credits : Mohsin Naqvi X

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।” एशिया कप का यह चरण टी20 प्रारूप में आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि खेल के सबसे छोटे प्रारूप का अगला आईसीसी विश्व कप फरवरी 2026 में भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा। तीन अंतरराष्ट्रीय मैदानों में से टूर्नामेंट के लिए दुबई और अबुधाबी के इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

भारत इस प्रतियोगिता का मेजबान है लेकिन बीसीसीआई और पीसीबी के बीच हुए समझौते के बाद इसे यूएई में आयोजित किया जा रहा है। अगले तीन सालों तक जिस प्रतियोगिता में भारत और पाकिस्तान दोनों शामिल रहेंगे, उसे तटस्थ्य स्थान पर कराने का समझौता दोनों बोर्ड के बीच हुआ है।

यह करार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ठीक पहले हुए था, जिसके बाद भारत ने अपने सारे मुकाबले दुबई में खेले थे जिसमें मेज़बान पाकिस्तान के खिलाफ भी एक मैच था।

दुबई में खेला गया प्रतियोगिता का फाइनल भारत ने जीता था। अब तक आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में होंगे या नहीं। जैसा कि पिछले एक दशक से अधिक समय से होता आ रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि ऐसा हो सकता है।

इससे टूर्नामेंट का अब तक का सबसे आर्थिक रूप से लाभदायक मुकाबला तय हो जाएगा। एशिया कप के प्रारूप का मतलब है कि एक ही ग्रुप में होने से भारत और पाकिस्तान के बीच कम से कम दो मुकाबले होने की संभावना है, और अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो तीन ऐसे मुकाबले होने की संभावना बनी रहती है।