महिला फिडे विश्व कप : युवा दिव्या ने फिर रोकी हंपी की चाल, अब जीत का फैसला टाईब्रेकर से
अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हंपी को फिडे महिला विश्व कप फाइनल के दूसरे गेम में भी ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया। विजेता का फैसला सोमवार को टाईब्रेकर से होगा जहां कम अवधि की बाजियां खेली जाएंगी।

फाइनल के पहले गेम में शानदार शुरुआत का फायदा उठाने में विफल रहीं दिव्या ने रविवार को दूसरी बाजी में काले मोहरों से खेलने के बावजूद बेहतर प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुभवी हंपी की हर चाल का उन्होंने माकूल जवाब दिया। हंपी ने एक प्यादे को गंवाने के साथ दिव्या को उलझाकर मैच पर दबदबा बनाने की कोशिश की।
लेकिन इस दौरान वह अपने दोनों बिशप (ऊंट) गंवा बैठीं। इससे युवा दिव्या को एक प्यादे के फायदे के साथ वापसी का मौका मिल गया। अंत में दोनो ने 34 चालों को बाद मैच बराबरी पर खत्म करने का फैसला किया। अब टाई-ब्रेकर में 15-15 मिनट के दो गेम होंगे जिसमें हर चाल के बाद 10 सेकंड का इजाफा होगा।
इसके बाद फिर भी स्कोर बराबरी पर रहा तो दोनों खिलाड़ी 10-10 मिनट प्रति गेम के हिसाब से एक और सेट खेलेंगी, जिसमें 10 सेकंड का इजाफा होगा। अगर मैच का परिणाम फिर भी नहीं निकला तो पांच-पांच मिनट के दो और गेम होंगे और इसमें हर चाल के बाद तीन सेकंड की बढ़ोतरी होगी।
इसके बाद एक गेम का मुकाबला होगा जिसमें दोनों खिलाड़ियों को तीन मिनट मिलेंगे और दो सेकंड का इजाफा होगा। यह तब तक चलेगा जब तक कोई खिलाड़ी विजेता ना बना जाए। इस बीच चीन की झोंगयी टैन और लेई टिंगजी के बीच तीसरे स्थान का प्ले-ऑफ मुकाबला भी ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है।