Trending

दिव्या देशमुख बनीं चौथी भारतीय महिला ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

भारत की किशोर शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख ने अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने सोमवार को जॉर्जिया के बातुमी में हमवतन और अपने से कहीं अधिक अनुभवी कोनेरू हम्पी को टाईब्रेकर में हराकर फिडे महिला विश्व कप का खिताब जीता।

@narendramodi

इस जीत से दिव्या ने ना सिर्फ यह टूर्नामेंट जीता, साथ ही ग्रैंडमास्टर भी बन गईं जो टूर्नामेंट की शुरुआत में असंभव लग रहा था। वह ग्रैंडमास्टर बनने वाली सिर्फ चौथी भारतीय महिला और कुल 88वीं खिलाड़ी हैं। नागपुर की इस खिलाड़ी ने शनिवार और रविवार को खेले गए दो क्लासिकल मुकाबलों के ड्रॉ होने के बाद टाईब्रेकर में जीती।

सोमवार को समय नियंत्रित टाईब्रेकर की पहली बाजी में सफेद मोहरों से खेलते हुए दिव्या ने हम्पी को फिर से ड्रॉ पर रोका, दूसरी बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए उन्होंने दो बार की विश्व रैपिड चैंपियन को हराकर 2.5-1.5 से जीती।

फिडे वूमन्स वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था जब भारत के दो खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। दिव्या देशमुख और कोनेरू हंपी दोनों ने ही फाइनल में पहुंचकर वर्ल्ड कप भारतीय खिलाड़ी के नाम सुनिश्चित कर दिया।

दिव्या को फिडे वर्ल्ड कप जीतने पर पीएम मोदी ने बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ”दो उत्कृष्ट भारतीय शतरंज खिलाड़ियों के बीच ऐतिहासिक फाइनल। फिडे महिला विश्व शतरंज चैंपियन 2025 बनने वाली युवा दिव्या देशमुख पर गर्व है। उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई। यह कई युवाओं को प्रेरित करेगा।

कोनेरू हम्पी ने भी पूरी चैंपियनशिप में असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिव्या को फिडे वर्ल्ड कप जीतने पर और कहा कि युवा खिलाड़ी की उपलब्धि देश में प्रतिभा की प्रचुरता को दर्शाती है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिव्या देशमुख को मेरी हार्दिक बधाई, जो फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं और वह भी 19 साल की छोटी उम्र में।

’’उन्होंने लिखा, ‘‘कोनेरू हम्पी उपविजेता रहीं। शतरंज विश्व चैंपियनशिप के दोनों फाइनलिस्ट भारत से थे। यह हमारे देश में, विशेषकर महिलाओं में प्रतिभा की प्रचुरता को दर्शाता है।’’ मुर्मू ने शानदार करियर में उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए हम्पी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि ये दोनों महिला चैंपियन और अधिक गौरव हासिल करेंगी तथा हमारे युवाओं को प्रेरित करेंगी।’’