अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नए ‘किंग’, हेड को पछाड़ा
भारतीय अभिषेक शर्मा टी20 के नए नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। वह बुधवार को आईसीसी द्वारा जारी ताजा टी20 बल्लेबाजों रैंकिंग में ट्रेविस हेड से आगे निकले।

अभिषेक की झोली में बैठे बिठाए ताज आ गिरा। उनके खाते में फिलहाल 829 रेटिंग अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज हेड 814 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए। हेड को हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर रहने के फैसले की वजह से नुकसान हुआ।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से आखिरी टी20 मुकाबला सितंबर 2024 में खेला था। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर अभिषेक को पिछले कई महीनों से टी-20 मैच नहीं खेलने के बावजूद फायदा हो गया। उन्होंने भारत के लिए अंतिम टी20 मैच इस साल फरवरी में इंग्लैंड के विरुद्ध खेला था।
भारतीय टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट की सीरीज खेल रही है। अभिषेक टेस्ट सेटअप का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने जुलाई 2024 में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह भारत के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में 17 मैचों में 33.43 के औसत से 535 रन बना चुके हैं। उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं।
अभिषेक ने एक खास क्लब में एंट्री मारी है। वह टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर वन स्थान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनके अलावा स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव शीर्ष पर पहुंचे। हेड से पहले सूर्यकुमार टॉप पर थे जबकि कोहली टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं।
उन्होंने 2014 और 2017 के बीच अधिकांश समय तक नंबर-1 का ताज अपने पास रखा। कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं। हेड भले ही दूसरे स्थान पर खिसक गए लेकिन कई ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर को वेस्टइंडीज पर 5-0 की जीत के बाद अच्छी बढ़त मिली।
जोश इंगलिस टी20 बल्लेबाजों की सूची में छह स्थान ऊपर चढ़कर नौवें पर पहुंच गए हैं। टिम डेविड 12 स्थान चढ़कर 28वें स्थान पर आ गए।
कैमरून ग्रीन पांच मैचों में 205 रन जोड़ने और ‘प्लेयर ऑफ़ द सीरीज’ बनने के बाद 64 स्थान चढ़कर 24वें स्थान पर चले गए। नाथन एलिस (सात स्थान ऊपर आठवें पर) और सीन एबॉट (21 स्थान चढ़कर 23वें पर) ने टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में सुधार किया।