Trending

एशियन U-19 और U-22 बॉक्सिंग चैंपियनशिप गुरुवार से, भारत से 40 खिलाड़ी मैदान में

एशियाई अंडर-19 और अंडर-22 मुक्केबाजी चैंपियनशिप गुरुवार से बैंकॉक, थाईलैंड में शुरू हो रही है। इसमें भारत के 40 होनहार युवाओं का दल अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। 12 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 26 देशों के 396 मुक्केबाज खेलेंगे।

साभार : गूगल

इस चैंपियनशिप में दो आयु वर्ग हैं : अंडर-19 (2007 और 2008 के बीच जन्मे) और अंडर-22 (2004 और 2006 के बीच जन्मे)। इसमें पुरुष और महिला दोनों ओलंपिक शैली के मुक्केबाजी नियमों के तहत प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतिष्ठित इंडोर स्टेडियम हुआमार्क में आयोजित होने वाले इस आयोजन को एशियाई मुक्केबाजी द्वारा विश्व मुक्केबाजी और थाईलैंड मुक्केबाजी संघ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह महाद्वीप में उभरती प्रतिभाओं के लिए एक प्रमुख मंच बन जाएगा। प्रत्येक वर्ग में मुक्केबाज दस भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

अंडर-19 पुरुषों के लिए, भार वर्ग 47 किग्रा-50 किग्रा से लेकर 90 किग्रा तक हैं, जबकि अंडर-19 महिला वर्ग 45-48 किग्रा से लेकर 80 किग्रा तक के वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगी। अंडर-22 में पुरुष और महिला मुक्केबाज समान भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह चैंपियनशिप एशियाई खेलों, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक सहित सीनियर सर्किट में जगह बनाने के इच्छुक मुक्केबाजों के लिए एक महत्वपूर्ण मौका है।

कई मुक्केबाजों के लिए यह बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर एशिया भर की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं से दो-दो हाथ करने का मौका भी है। भारतीय टीम का नेतृत्व तीन बार के एशियाई चैंपियन और दो बार के राष्ट्रीय चैंपियन विश्वनाथ सुरेश कर रहे हैं।

उनके साथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप के स्वर्ण विजेता सागर, राष्ट्रीय खेलों के रजत विजेता प्रीत मलिक, खेलो इंडिया की स्वर्ण विजेता और सीनियर राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुमन कुमारी, एशियाई युवा चैंपियनशिप 2024 की कांस्य विजेता यक्षिका, कई राष्ट्रीय पदक विजेता निशा, सब-जूनियर राष्ट्रीय स्तर की 2024 की रजत विजेता मुस्कान और स्कूल राष्ट्रीय स्तर की स्वर्ण पदक विजेता विनी भी शामिल हैं। इनके अलावा घरेलू स्तर पर उभरे कई मुक्केबाज पहली बार भाग ले रहे हैं।