Trending

‘तलाक के समय डिप्रेशन में था’, युजवेंद्र चहल ने पहली बार बयां किया दर्द

आईपीएल 2025 में हैट्रिक लेने वाले स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अपनी निजी ज़िंदगी में चल रहे तनाव के चलते वे गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में चले गए थे और एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने आत्महत्या तक के बारे में सोच लिया था।

साभार : गूगल

एक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान चहल ने अपनी निजी ज़िंदगी के कठिन दौर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि धनश्री वर्मा से तलाक के समय वे मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। उन्होंने कहा, “करीब चार-पांच महीने मैं डिप्रेशन में रहा।

मुझे एंग्जायटी अटैक आते थे। मेरी आंखों के सामने अंधेरा छा जाता था। कुछ करीबी लोगों के अलावा मैंने किसी से ये बातें साझा नहीं कीं।”

चहल ने बोला कि मानसिक स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उन्होंने क्रिकेट से दूरी बना ली थी।“मैं मैदान पर 100 फीसदी नहीं दे पा रहा था, इसलिए ब्रेक लेना ज़रूरी था। लग रहा था कि ज़िंदगी में सब कुछ होते हुए भी कुछ अधूरा है।” तलाक के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर कई तरह की बातें बोली गईं, जिन पर चहल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी।“

लोगों ने मुझे धोखेबाज कहा, लेकिन सच यह है कि मैंने कभी किसी को धोखा नहीं दिया। मैं हमेशा अपने रिश्तों को दिल से निभाता हूं। जब लोगों को सच्चाई नहीं पता होती, तो वे कुछ भी लिख देते हैं।”

चहल ने बोला कि वे दो बहनों के भाई हैं और महिलाओं का सम्मान करना उन्होंने परिवार से सीखा है। उन्होंने ट्रोलिंग को लेकर कहा,“सिर्फ इसलिए कि आप किसी के साथ दिखे, इसका मतलब कुछ भी नहीं होता। लोग सिर्फ व्यूज के लिए कहानियां बना लेते हैं।” उन्होंने कहा कि वो हर बात का जवाब देना नहीं चाहते थे, लेकिन अब उन्हें लगा कि सच सामने लाना ज़रूरी है।

जब उनसे आरजे महवश संग अफेयर को लेकर सवाल किया गया तब उन्होंने ऐसा कुछ होने से साफ इनकार किया। उन्होंने बोला, ‘नहीं, ऐसा कुछ नहीं है। लोग जो चाहें सोच सकते हैं।’

इसके बाद जब युजवेंद्र चहल से दोबारा प्यार में पड़ने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पर जवाब देते हुए कहा, ‘इसमें समय लगेगा। मुझे खुद को संभालने की जरूरत है। मुझे दोबारा प्यार में पड़ने से डर नहीं लगता, मैं उस व्यक्ति को खोने से डरता हूं क्योंकि मैं पूरे दिल से जुड़ जाता हूं।’

बता दें कि युजवेंद्र चहल और आरजे महवश को अक्सर एक साथ देखा जाता है। हाल ही में युजवेंद्र और महवश लंदन में भी दिखे। 23 जुलाई को महवश ने विदेश में चहल का जन्मदिन बेहद ही शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया।