Trending

इंग्लैंड के लिए बुरी खबर : ओवल टेस्ट से चोटिल क्रिस वोक्स बाहर

इंग्लैंड को ओवल में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में एक बड़ा झटका खेल के पहले ही दिन लगा, जब क्रिस वोक्स कंधे की चोट के चलते आगे गेंदबाजी नहीं कर पाए। दूसरे दिन के खेल से पहले इसकी पुष्टि हो गई कि क्रिस वोक्स इस पूरे मैच में आगे गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे।

@englandcricket

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के आखिरी मैच के पहले दिन फील्डिंग करते समय क्रिस वोक्स के कंधे में चोट लगी थी। क्रिस वोक्स ने चौका रोकने की कोशिश की थी, वे कंधे के बल गिरे थे। बाद में उनके कंधे का स्कैन हुआ तो पता चला कि चोट गंभीर है और वे आगे इस गेम का हिस्सा नहीं होंगे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

क्रिस वोक्स ने 14 ओवर गेंदबाजी पहले दिन चोटिल होने से पहले की, जिसमें से एक ओवर उन्होंने मेडेन फेंका, जबकि 46 रन खर्च करते हुए एक सफलता मिली। उन्होंने केएल राहुल को चलता किया था। केएल राहुल कट मारने के चक्कर में आउट हुए थे। गेंद नीचे गिरी और पैर पर लगकर स्टंप्स पर जा लगी।

इस सीरीज की बात करें तो उन्होंने 11 विकेट निकाले हैं और 181 ओवर किए हैं, जो सीरीज में किसी भी पेसर के सबसे ज्यादा ओवर हैं।

ऐसा ही कुछ भारत के साथ मैनचेस्टर टेस्ट मैच में हुआ था, लेकिन अच्छी बात ये थी कि भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज को चोट लगी थी और उसकी जगह विकेटकीपर मिल गया था और ऋषभ पंत ने पहली पारी में थोड़ी बहुत बल्लेबाजी भी बाद में की थी, लेकिन एक पेसर के लिए चोटिल होना टीम के लिए बहुत बड़ा नुकसान होता है। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ सकता है।