सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का कहर : इंग्लैंड 247 पर ढेर, भारत 52 रन से आगे
मोहम्मद सिराज (86 रन, चार विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (62 रन, चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से इंग्लैंड को पहली पारी में 247 रन पर ऑलआउट करने के बाद भारत ने पांचवें टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन बनाकर 52 रन की बढ़त हासिल कर ली।

यशस्वी जायसवाल 51 रन और आकाश दीप चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। जायसवाल आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की 23 रन की बढ़त को खत्म किया, इस दौरान दो बार उनका कैच छूटा। उन्होंने जैमी ओवरटन की शॉर्ट लेंथ गेंद पर अपरकट से छक्का जड़कर 44 गेंद में श्रृंखला में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया।
भारत ने केएल राहुल (07) और साई सुदर्शन (11) के विकेट गंवा दिए। राहुल लूज शॉट खेलकर जोश टंग का शिकार हुए जबकि सुदर्शन स्टंप से तुरंत पहले गस एटकिंसन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। जायसवाल ने एटकिंसन के शुरुआती ओवर में तीन चौके जड़े जिसमें एक शानदार स्ट्रेट ड्राइव भी था।
स्टंप से पहले तीसरा कैच छूटा जब जाक क्रॉली ने सुदर्शन को कैच करने का मौका गंवा दिया। हैरी ब्रुक की 64 गेंद में 53 रन की पारी के समाप्त होने के बाद इंग्लैंड अंतिम सत्र में ऑल आउट हो गया।
क्रिस वोक्स कंधे की चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे और इंग्लैंड के 247 रन पर नौंवा विकेट गंवाते ही पहली पारी समाप्त हो गई जिससे उसने 23 रन की बढ़त हासिल की। सुबह भारत की पहली पारी आधे घंटे के अंदर 224 रन पर खत्म हो गई और टीम ने बचे हुए चारों विकेट 20 रन के अंदर गंवा दिए।
सिराज ने दोपहर के सत्र में आठ ओवरों के बेहतरीन स्पैल में तीन विकेट चटकाकर भारत को वापसी कराई जिससे चाय तक इंग्लैंड ने सात विकेट पर 215 रन बनाए थे। चाय सत्र के बाद बारिश के व्यवधान के चलते कुछ देर तक खेल रुका, तब तक इंग्लैंड ने गस एटकिंसन के रूप में आठवां विकेट खो दिया था जो कृष्णा का शिकार हुए।
खेल शुरू होने के बाद सिराज ने ब्रुक (53 रन) को बोल्ड कर उसका आखिरी विकेट झटक लिया। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे सत्र में तीन तीन विकेट झटके जिससे इंग्लैंड ने मुख्य बल्लेबाज जो रूट (29 रन), जाक क्रॉली (64 रन), कार्यवाहक कप्तान ओली पोप (22 रन) और जैकब बेथेल (छह रन) के विकेट गंवा दिए।
रूट और कृष्णा के बीच इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई। शुरुआती सत्र में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन जुटाए। लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने ब्रेक के बाद लेंथ हासिल करते हुए वापसी की। कृष्णा की गेंद पर क्रॉली ने पुल शॉट लगाने में गलती की और मिडविकेट पर कैच आउट हो गए।
पिच से तेज गेंदबाजों को लगातार मदद मिल रही है। सिराज ने पोप और रूट को पगबाधा आउट किया। फिर एक इनस्विंग यॉर्कर से बेथेल को भी पगबाधा आउट किया। सिराज लगातार कोशिश करते रहे और उन्हें इसका फल भी मिला। एक बार फिर उन्होंने दिखाया कि वे कार्यभार प्रबंधन में विश्वास नहीं रखते।
कृष्णा भी प्रभावशाली रहे। उन्होंने चाय सत्र के अंतिम ओवर में जैमी स्मिथ और जैमी ओवरटन के विकेट झटके। भारत को खेल के पहले आधे घंटे में पहली पारी में 224 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज क्रॉली और बेन डकेट ने मेहमान टीम के तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
डकेट (43 रन) और क्रॉली ने मर्जी से चौके जड़े जिससे इंग्लैंड लंच ब्रेक तक एक विकेट पर 109 रन बना चुका था। आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की तिकड़ी के पास इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों के लिए कोई रणनीति नहीं दिख रही थी। भारत को लंच से 15 मिनट पहले डकेट का विकेट मिलने से राहत मिली।
आकाश दीप की गेंद पर एक और रिवर्स हिट लगाने की कोशिश में डकेट विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने 77 गेंद में 92 रन बना लिए। क्रॉली ने 12 चौके से पांच सिराज की गेंदों पर लगाए। उन्होंने आकाश दीप की गेंद पर थर्ड मैन पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
डकेट ने इच्छानुसार शॉट लगाए। उन्होंने आकाश दीप की गेंद पर रिवर्स स्कूप शॉट लगाया और इसके बाद सिराज की गेंद पर रैंप ऑफ पर छक्का जड़ दिया। डकेट के आउट होने के बाद पोप क्रीज पर उतरे।
उन्होंने कवर ड्राइव शॉट्स लगाकर शुरुआत की। वहीं दिन की शुरूआत छह विकेट पर 204 रन से शुरू करने वाले भारत ने पहले 30 मिनट में 20 रन के अदंर बाकी के चार विकेट गंवा दिए।
करुण नायर (109 गेंद में 57 रन) और वाशिंगटन सुंदर (26 रन) जल्दी आउट हो गए जिसके बाद एटकिंसन ने पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इंग्लैंड के लिए एटकिंसन ने पांच जबकि जोस टंग ने तीन विकेट चटकाये।