जैक क्रॉली और बेन डकेट ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने मेजबानों के सामने जीत के लिए 374 रनों का टारगेट रखा है।

इस स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 1 विकेट पर 50 रन बोर्ड पर बनाए। इस टेस्ट मैच के तीसरे दिन का अंत जैक क्रॉली के विकेट के साथ हुआ, जिन्हें मोहम्मद सिराज ने अपनी शानदार यॉर्कर पर आउट किया। आउट होने से पहले जैक क्रॉली और बेन डकेट की सलामी जोड़ी भारत के खिलाफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना गई।
यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले सलामी जोड़ी का। जैक क्रॉली और बेन डकेट से पहले वेस्टइंडीज की गॉर्डन ग्रीनिज और डेसमंड हेन्स की ओपनिंग जोड़ी ने भारत के खिलाफ 8 बार 50 या उससे अधिक रन की पार्टनरशिप की थी, मगर अब 9 बार यह कारनामा कर जैक क्रॉली और बेन डकेट की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है।
बात मुकाबले की करें तो, तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर दूसरी पारी में 396 रन बोर्ड पर लगाए। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़ा, वहीं नाइट वॉचमैन के रूप में बैटिंग करने आए आकाशदीप के साथ-साथ रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर भी अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने इस मैच की पहली पारी में 224 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 247 रन बनाकर 23 रनों की लीड ली थी।
टेस्ट मैचों में भारत के खिलाफ किसी सलामी जोड़ी द्वारा सर्वाधिक 50 या उससे अधिक रन
9 – जैक क्रॉली और बेन डकेट (इंग्लैंड)
8 – गॉर्डन ग्रीनिज और डेसमंड हेन्स (वेस्टइंडीज)
7 – एलेस्टेयर कुक और एंड्रयू स्ट्रॉस (इंग्लैंड)
7 – मैथ्यू हेडन और जस्टिन लैंगर (ऑस्ट्रेलिया)
7 – बिल लॉरी और बॉब सिम्पसन (ऑस्ट्रेलिया)