जीत के करीब इंग्लैंड, भारतीय गेंदबाजों की वापसी ने मैच में रोमांच भरा
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला का रोमांचक पांचवें टेस्ट के चौथे दिन का खेल रविवार को खराब रोशनी और फिर बारिश के चलते पूरा नहीं हो सका। दिन का खेल रोके जाते समय इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन की जरूरत थी जबकि भारत को चार विकेट की दरकार है।

जैमी स्मिथ दो रन बनाकर क्रीज पर थे, जैमी ओवरटन ने खाता नहीं खोला था। जीत के लिए ओवल मैदान पर रिकॉर्ड 374 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने छह विकेट पर 339 रन बना लिये है। इंग्लैंड श्रृंखला में 2-1 से आगे है।
चोट के चलते पहली पारी में बल्लेबाजी नहीं करने वाले क्रिस वोक्स ड्रेसिंग रूम में चोटिल हाथ में स्लिंग लगाये टेस्ट टीम की जर्सी में दिखे, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने चाय के विश्राम के बाद शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत की उम्मीदें जगा दी है।

इंग्लैंड चाय के विश्राम तक चार विकेट पर 317 रन बनाकर काफी मजबूत स्थिति में था, कृष्णा ने जेकब बेथल और जो रूट को आउट कर रोमांच बढ़ा दिया।
रूट ने 105 रन बनाये। उन्हें दिन के शुरुआती दो सत्र में हैरी ब्रुक का शानदार साथ मिला। ब्रुक ने 98 गेंद में 111 रन की आक्रामक पारी खेलने के अलावा रूट के साथ 195 रन की साझेदारी कर मैच पर इंग्लैंड का दबदबा कायम किया।