Trending

दबाव में बिखरता बैजबॉल: भारत और ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ी इंग्लैंड की हेकड़ी

बैजबॉल ऐरा की शुरुआत 2022 में पाकिस्तान की सरजमीं पर हुआ था जब इंग्लैंड ने टेस्ट मैच के पहले ही दिन 500 रन का आंकड़ा बोर्ड पर लगा दिया था। इंग्लैंड के खेलने के इस अंदाज ने टेस्ट क्रिकेट में एक अलग रोमांच फूंका था।

साभार : गूगल

विराट कोहली ने अपने कार्यकाल में दुनिया को टेस्ट क्रिकेट में हार ना मानना सिखाया, वहीं बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम की जोड़ी ने सिखाया कि दूसरी टीम पर हावी होकर कैसे उनका मनोबल तोड़ा जाता है।

मगर स्टोक्स-मैकुलम के ‘बैजबॉल’ की धौंस छोटी टीमों तक ही सीमित रह गई है। जी हां, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ मुकाबले की आती है तो उनकी हेकड़ी निकल जाती है।

इंग्लैंड जहां छोटी टीमों के खिलाफ अपना निडर खेल दिखाती है, वहीं भारत और ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम संभलकर खेलने की कोशिश करती है। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भी कुछ ऐसा ही हुआ।

टेस्ट सीरीज का आगाज इंग्लैंड ने जोरदार अंदाज में किया, लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने 350 से अधिक रनों के टारगेट को आसानी से चेज कर लिया।

मगर जैसे ही दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने वापसी करते हुए 336 रनों से बड़ी जीत दर्ज की तो इंग्लैंड घबरा गया। तीसरे टेस्ट में बैजबॉल छोड़ इंग्लैंड पारंपरिक रूप वाला क्रिकेट खेलने लग गया। यही वजह है कि उनके आंकड़े बिग थ्री में मौजूद भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुछ खास नहीं है।

बैजबॉल के दबाव ना झेलने की क्षमता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आज तक कोई सीरीज नहीं जीते हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड ने ‘बैजबॉल’ ऐरा में 16 मैच खेले। 6 में उन्हें जीत मिली तो 8 में हार का सामना करना पड़ा, इस दौरान 2 मैच ड्रॉ रहे। इंग्लैंड स्टोक्स-मैकुलम के रहते भारत और ऑस्ट्रेलिया से अभी तक तीन में से एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है।

अन्य टीमों के खिलाफ उनके प्रदर्शन की बात करें तो, ‘बैजबॉल’ ऐरा में इंग्लैंड ने बाकी छोटी टीमों के खिलाफ 25 मैच खेले, जिसमें 19 में उन्हें जीत मिली और वह सिर्फ 6 ही मैच हारे। एक मैच इसमें ड्रॉ नहीं रहा। इंग्लैंड ने इस दौरान 10 में से 8 सीरीज जीती।

इन आंकड़ों से यह साफ होता है कि दूसरी टीमों पर दबाव बनाने वाली इंग्लैंड की टीम पर जब दवाब पड़ता है तो वह बिखर जाती है। ‘बैजबॉल’ भले ही दूसरी टीमों के खिलाफ गुंडा राज दिखाता हो, मगर भारत-ऑस्ट्रेलिया ने उनकी हेकड़ी निकाली हुई है।