एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप : भारतीय रमेश बुधियाल का ऐतिहासिक कांस्य
एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप में पुरुषों के ओपन वर्ग में भारत के रमेश बुधियाल ने कांस्य पदक जीता। वह इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

बुधियाल शनिवार को इस प्रतियोगिता के पदक दौर में पहुंचने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। उन्होंने फाइनल में 12.60 अंक अर्जित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। कोरिया के कनोआ हीजे ने 15.17 अंक के साथ स्वर्ण पदक, जबकि इंडोनेशिया के पजार एरियाना ने 14.57 अंक के साथ रजत पदक जीता।
ओपन महिला वर्ग में जापान की अनरी मात्सुनो (14.90 अंक) ने हमवतन सुमोमो सातो (13.70) की कड़ी चुनौती से पार पाकर स्वर्ण पदक जीता। थाईलैंड की इसाबेल हिग्स ने 11.76 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। कोरिया के कनोआ हीजे ने 14.33 अंक प्राप्त कर अंडर-18 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
चीन के शिदोंग वू (13.10) और शुलोउ जियांग (8) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। लड़कियों के अंडर-18 वर्ग में चीन की सिकी यांग ने 14.50 अंकों के साथ स्वर्ण पदक और उनकी हम वतन शुहान जिन (10.33) ने रजत पदक जीता। थाईलैंड की इसाबेल (8.10 अंक) ने कांस्य पदक हासिल किया।