युवराज संधू ने मैसूरु ओपन गोल्फ में रचा इतिहास
युवराज संधू ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को मैसूरु ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में आठ शॉट की जीत के साथ 2025 सत्र का अपना तीसरा खिताब जीता जिससे उन्हें पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में अपनी बढ़त मजबूत करने में मदद मिली।

चंडीगढ़ के रहने वाले संधू (61-65-62-61) ने अंतिम दौर में नौ अंडर 61 का शानदार स्कोर बनाया। उन्होंने 31 अंडर 249 के कुल स्कोर के साथ खिताब जीता। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजेता रहे संधू ने 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की, जिससे उनकी इस सत्र की कमाई 73,67,200 रुपये पहुंच गई है।
वह पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 12 लाख रुपये से अधिक की बढ़त पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के जमाल हुसैन (62-65-64-66) 23 अंडर 257 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के अर्जुन प्रसाद (66-62-64-66) ने 22 अंडर 258 के कुल स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।