Trending

यूपी टी-20 लीग रविवार से, बॉलीवुड सितारों की चमक संग होगा धमाकेदार आगाज़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की ओर से आयोजित यूपी टी-20 लीग का तीसरा सीज़न 17 अगस्त से 6 सितंबर तक खेला जाएगा। सभी मैच इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होंगे।

साभार : गूगल

उद्घाटन मैच गत चैंपियन मेरठ मावरिक्स और पिछली बार की उपविजेता कानपुर सुपरस्टार्स के बीच रात 7:30 बजे से होगा। टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले होंगे। उद्घाटन और फाइनल को छोड़कर हर दिन दो मैच खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा की टीमें हिस्सा लेंगी। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ नए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हालांकि मानसून के चलते शेड्यूल प्रभावित होने की आशंका है।

UPCA ने कहा है कि भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग जैसी गड़बड़ियों पर रोक के लिए सख़्त कदम उठाए गए हैं। इस पर नज़र रखने के लिए बीसीसीआई की विशेष टीम भी मौजूद रहेगी।

उद्घाटन समारोह में दिशा पटानी और तमन्ना भाटिया डांस परफॉर्म करेंगी, जबकि सुनिधि चौहान अपनी गायकी से माहौल में रंग भरेंगी। वहीं जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी आगामी फिल्म ‘परम सुंदरी’ (रिलीज़ 29 अगस्त) का प्रमोशन करेंगे।

यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान (पूर्व डीजीपी) ने कहा कि टूर्नामेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भरपूर लुत्फ मिलेगा।