मावी का ऑलराउंड प्रदर्शन, काशी रुद्राक्ष ने गोरखपुर लायंस को 50 रनों से हराया
सोमवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग के रोमांचक मुकाबले में काशी रुद्राक्ष ने गोरखपुर लायंस को 50 रन से मात देकर शानदार जीत हासिल की।

इस जीत के हीरो रहे शिवम मावी, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से विपक्षी टीम को ध्वस्त कर दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्राक्ष की हालत 14 ओवर तक खराब रही।
टीम 7 विकेट पर 89 रन बना पाई थी। इसके बाद क्रीज पर उतरे शिवम मावी (54 रन, 21 गेंद, 6 छक्के) और शिवा सिंह (34 नाबाद) ने खेल का पूरा रुख बदल दिया।
दोनों ने 8वें विकेट के लिए 87 रनों की तूफानी साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा और स्कोर को 176 तक पहुंचाया। इस साझेदारी का धमाकेदार नजारा 18वें ओवर में देखने को मिला, जब दोनों ने मिलकर गोरखपुर के गेंदबाज शिवम शर्मा की जमकर खबर ली।
· शिवा सिंह ने लगातार 3 गेंदों पर 3 छक्के मारे,
· मावी ने अगली 2 गेंदों पर 2 छक्के जड़े।
केवल एक ओवर में 31 रन बने और काशी का स्कोर पलभर में आसमान छू गया।
केवल बल्ले से ही नहीं, मावी ने गेंदबाजी में भी गोरखपुर लायंस की कमर तोड़ दी। उन्होंने 24 रन देकर 3 विकेट निकाले। अटल बिहारी ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की शुरुआत काफी खराब रही। टीम के आधे खिलाड़ी महज़ 45 रन पर आउट हो गए। कप्तान अक्षदीप नाथ (34 रन, 32 गेंद) और प्रिंस यादव (49 रन, 29 गेंद, 4 चौके, 4 छक्के) ने कोशिश की, उनकी पारी टीम को जीत तक नहीं ले जा सकी।
पूरी गोरखपुर टीम 19.1 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई। काशी रुद्राक्ष ने 50 रन से मुकाबला जीता। मावी की 19 गेंदों में अर्धशतक और गेंदबाजी में कमाल ने इस जीत को यादगार बना दिया।