अस्वस्थता से झुके यानिक सिनर, अल्काराज ने जीता सिनसिनाटी ओपन
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर के अस्वस्थ होने के कारण पहले सेट से रिटायर होने के बाद सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब कार्लोस अल्काराज ने अपने नाम किया।

दोनों खिलाड़ी चौथी बार और विंबलडन के बाद पहली बार फ़ाइनल में आमने-सामने थे लेकिन सिनर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले सेट में लगातार गलतियों की वजह से वह 5-0 से पीछे हो गए।
ब्रेक के दौरान उनके सिर पर आइस पैक देखा गया और सिर्फ़ 22 मिनट खेलने के बाद उन्होंने मैच से हटने का फैसला किया। सिनर ने बोला, ‘‘कल से मुझे कुछ ख़ास अच्छा नहीं लग रहा था। मुझे लगा था कि रात में स्थिति में सुधार हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मैं बस दर्शकों के लिए कोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मेरे लिए खेल जारी रखना बहुत मुश्किल हो गया था।’’ सिनसिनाटी ओपन में यह केवल तीसरा मौका था जब किसी खिलाड़ी के हटने की वजह से पुरुष वर्ग का फाइनल पूरा नहीं हो सका।
आखिरी बार 2011 में ऐसा हुआ था जब नोवाक जोकोविच ने कंधे की चोट की वजह से दूसरे सेट में मैच से हटने का फैसला किया था। इससे सिनर का हार्ड कोर्ट पर लगातार 26 मैच जीतने का सिलसिला भी टूट गया।