Trending

गोरखपुर लायंस की पहली जीत : रोमांचक मैच में नोएडा किंग्स को हराया

गोरखपुर लायंस ने लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 मैच में नोएडा किंग्स को 14 रन से मात देकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। गोरखपुर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 186 रन बनाए।

@t20uttarpradesh

जवाब में नोएडा किंग्स की टीम 19.3 ओवर में 172 रन पर ढेर हो गई। गोरखपुर के गेंदबाज़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और शुरुआती ओवरों में नोएडा की रनगति को पूरी तरह रोक दिया।

गोरखपुर से सबसे बड़ी पारी कप्तान अक्षदीप नाथ ने खेली। उन्होंने 33 गेंदों में 42 रन बनाए। टीम के लिए प्रिंस यादव (28 रन, 12 गेंद), हरदीप सिंह (30 रन) और शिवम शर्मा (नाबाद 21 रन) ने अहम योगदान दिया। अंतिम ओवरों में हरदीप और शिवम की 47 रनों की साझेदारी ने गोरखपुर को लड़ाकू स्कोर तक पहुँचाया।

नोएडा के लिए जस्मेर ढांढकर और युवराज सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा की शुरुआत खराब रही। कप्तान शिवम चौधरी जल्दी आउट हो गए और टीम ने पावरप्ले में सिर्फ 35 रन बनाए।

इसके बाद रवि सिंह (30 रन) और प्रियांशु पांडे (53 रन, 6 छक्के) ने पांचवें विकेट के लिए 67 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर मैच में जान डाल दी।

लेकिन दोनों बल्लेबाज़ लगातार ओवरों में आउट हो गए, जिससे गोरखपुर ने वापसी कर ली। गोरखपुर के वासु वत्स ने घातक गेंदबाज़ी की और 4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा शिवम शर्मा ने भी 2 विकेट लेकर नोएडा की कमर तोड़ दी। यही वजह रही कि नोएडा किंग्स 14 रन पीछे रह गई।

संक्षिप्त स्कोर

गौर गोरखपुर लायंस – 186/7 (20 ओवर)

(अक्षदीप नाथ 42, हरदीप सिंह 30; जस्मेर ढांढकर 2/38, युवराज सिंह 2/43)

नोएडा किंग्स – 172 ऑल आउट (19.3 ओवर)

(प्रियांशु पांडे 53, रवि सिंह 30; वासु वत्स 4/32, शिवम शर्मा 2/16)

परिणाम: गौर गोरखपुर लायंस ने 14 रन से जीत दर्ज की।

मैन ऑफ द मैच: वासु वत्स