Trending

नमन तिवारी का जादू चला, नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपरस्टार्स को हराया

मैन ऑफ द मैच नमन तिवारी (चार विकेट) की घातक गेंदबाज़ी से नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को 4 विकेट से हराया।

@t20uttarpradesh

इस जीत के साथ नोएडा ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की, जबकि कानपुर को लगातार चौथी हार मिली। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 19.3 ओवर में 110 रन पर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स को भी शुरुआत में मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने 18.4 ओवर में आठ विकेट पर 111 रन बनाकर मुकाबला जीता।

शानदार गेंदबाज़ी के लिए नमन तिवारी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इससे पूर्व, टॉस जीतकर नोएडा ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया और उनके गेंदबाज़ों ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया।

@NoidaKings

कानपुर के बल्लेबाज़ शुरुआत से ही दबाव में नज़र आए। ओपनर शौर्य सिंह ने चौका और छक्का लगाकर धमाकेदार शुरुआत की, लेकिन तीसरी गेंद पर ही नमन तिवारी ने उन्हें प्वाइंट पर कैच करा दिया।

अगले ही ओवर में आदर्श सिंह भी अपना विकेट गंवा बैठे। आउट ऑफ फॉर्म चल रहे कप्तान समीर रिज़वी भी खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। कानपुर की शीर्ष चार विकेट महज़ 27 रन के स्कोर पर गिर गईं। लगातार गिरते विकेटों के बीच फ़ैज़ अहमद (46 रन, 32 गेंद) और बॉबी यादव (29 रन, 16 गेंद) ने टीम को संभालने की कोशिश की।

दोनों ने ताबड़तोड़ शॉट लगाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद पारी ढह गई और पूरी टीम 19.3 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। नोएडा की ओर से नमन तिवारी ने 22 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि कुनाल त्यागी ने सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए। 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा ने तेज़ शुरुआत की।

अनीवेश चौधरी ने कुछ आकर्षक शॉट खेले, लेकिन कानपुर के गेंदबाज़ अकीब और राहुल शर्मा ने दोनों ओपनरों को आउट कर वापसी कराई।

इसके बाद राहुल राजपाल (21) और रवि सिंह (15) ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत की ओर बढ़ाया। हालांकि, नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों से मैच रोमांचक बन गया। कानपुर के राहुल शर्मा (3/12) और शुभम मिश्रा (2/21) ने शानदार गेंदबाज़ी कर नोएडा को दबाव में बनाए रखा।

अंतिम ओवरों में जब लक्ष्य नज़दीक था, तब कर्ण शर्मा ने लंबा छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। नोएडा ने 18.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 111 रन बनाए और 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

कानपुर सुपरस्टार्स इस सीज़न में अब तक जीत से महरूम हैं और यह उनकी लगातार चौथी हार रही। बल्लेबाज़ों का खराब प्रदर्शन उनकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हो रहा है। वहीं, नोएडा किंग्स ने इस जीत से अंकतालिका में अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है।