Trending

यूपी टी-20 लीग : प्लेऑफ का बिगुल बजा, भिड़ेंगी टॉप टीमें

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग 2025 का सफ़र अब सबसे रोमांचक मोड़ पर आ पहुंचा है। लीग स्टेज की जद्दोजहद के बाद अब चार दावेदार बच चुके हैं और 3 सितंबर से प्लेऑफ की जंग शुरू होगी।

साभार : गूगल

क्वालिफायर-1: काशी रुद्रास बनाम मेरठ मावरिक्स

पहला क्वालिफायर मुकाबला अंकतालिका में शीर्ष पर रही काशी रुद्रास और दूसरे स्थान पर रहने वाली मेरठ मावरिक्स के बीच खेला जाएगा। विजेता टीम सीधे 6 सितंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका क्वालिफायर-2 में मिलेगा।

काशी रुद्रास ने लीग चरण में दबदबा बनाते हुए 10 में से 7 मैच जीते और 14 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। टीम के कप्तान करण शर्मा शानदार लय में हैं—10 मैचों में उनके बल्ले से 411 रन निकले हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में शिवम मावी (8 मैच, 18 विकेट) और अटल बिहारी राय (10 मैच, 18 विकेट) विपक्षी बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं।

वहीं, मेरठ मावरिक्स भी दमदार नजर आ रही है। टीम ने 10 में से 6 जीत दर्ज कर क्वालिफायर-1 का टिकट पाया। मावरिक्स के पास रिंकू सिंह जैसा मैच विनर है, जिसने अब तक 332 रन बनाए हैं और एक तूफानी शतक भी जड़ा है। उनके साथ स्वास्थिक चिकारा भी 329 रन के साथ लगातार योगदान दे रहे हैं।

एलिमिनेटर: लखनऊ फाल्कन्स बनाम गौर गोरखपुर लायंस

इसी दिन दूसरा बड़ा मुकाबला एलिमिनेटर के रूप में खेला जाएगा। इसमें लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे। इस मैच की हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में क्वालिफायर-1 की हारी हुई टीम से भिड़ेगी।

फाइनल का काउंटडाउन शुरू

4 सितंबर को क्वालिफायर-2 खेला जाएगा और 6 सितंबर को टूर्नामेंट का ग्रैंड फिनाले होगा। इस बार कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से नोएडा किंग्स और कानपुर सुपरस्टार्स का सफर यहीं समाप्त हो गया। अब खिताब की जंग इन चार टीमों—काशी रुद्रास, मेरठ मावरिक्स, लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस—के बीच सिमट चुकी है।