Trending

एक मैच ने बदली किस्मत : 2022 सेमीफाइनल की हार और भुवनेश्वर कुमार का संघर्ष

कभी-कभी केवल एक खराब मैच कई खिलाड़ियों के करियर पर गहरा असर डाल देता है, खासकर जब वह मैच बहुत महत्वपूर्ण हो।

साभार : गूगल

भारतीय क्रिकेट के ताजा इतिहास में ऐसा ही एक मैच था 2022 के टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल। 10 नवंबर 2022 को एडिलेड ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ यह सेमीफाइनल मैच भारत के लिए कड़वा अनुभव साबित हुआ।

भारत इस मैच में 10 विकेट से हार गया, जिससे कई खिलाड़ियों के टी20 करियर पर सवाल उठने लगे। कुछ खिलाड़ी बाद में टी20 में वापसी करने में सफल हुए, लेकिन केएल राहुल, आर अश्विन और भुवनेश्वर कुमार अभी तक टी20 टीम का हिस्सा नहीं बन पाए। अश्विन ने तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।

इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए। केएल राहुल केवल 5 रन ही बना सके। जवाब में इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट खोए 24 गेंद पहले ही मैच जीत लिया।

जोस बटलर ने 49 गेंदों में नाबाद 80 और एलेक्स हेल्स ने 47 गेंदों में नाबाद 86 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड ने 10 विकेट से शानदार जीत हासिल की। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2 ओवर में 25 रन लुटाए, जिसके बाद केएल राहुल अब तक टी20 में वापसी नहीं कर पाए।

अश्विन का वह मैच उनका आखिरी टी20 मैच साबित हुआ। भुवनेश्वर कुमार ने न केवल टी20 बल्कि वनडे और टेस्ट टीम में भी वापसी नहीं की। वे अब 35 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद अभी भी कायम है।

भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट लिए। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया। टीम इंडिया में वापसी को लेकर उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार से कहा, “मैं अपनी गेंदबाजी का आनंद ले रहा हूं।

मैंने अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचा है। जब तक फिट रहूंगा, खेलता रहूंगा। बाकी काम चयनकर्ताओं का है।” वर्तमान में भुवनेश्वर उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग 2025 में मेरठ मेवरिक्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 9 विकेट लिए हैं और 6.76 की शानदार इकॉनमी रेट रखी है।

टीम इंडिया में न चुने जाने पर भुवनेश्वर ने कहा, “चयनकर्ता ही इस सवाल का जवाब देंगे। मेरा काम मैदान पर 100 प्रतिशत देना है।

यूपी लीग के बाद अगर मुझे मुश्ताक अली ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी या यूपी के लिए वनडे में मौका मिलता है, तो मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा। एक अनुशासित गेंदबाज के तौर पर मेरा फोकस हमेशा फिटनेस और लाइन-लेंथ पर रहता है। आप चाहे जितना भी अच्छा खेलें, कभी-कभी किस्मत साथ नहीं देती।”