उत्तर प्रदेश को वुशू में सूरज यादव ने दिलाया स्वर्ण, पुरुष हॉकी टीम को रजत पदक से करना पड़ा संतोष

- 36वें राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश : 11 अक्टूबर 2022 के अब तक के परिणाम
लखनऊ, 11 अक्टूबर 2022। गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के लिए सूरज यादव ने वुशू में पुरुष सांडा के 70 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। दूसरी ओर पुरुष हॉकी के फाइनल में उत्तर प्रदेश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इन खेलों के फाइनल में 37 साल बाद पहुंची उत्तर प्रदेश को कर्नाटक ने पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 गोल से हराया। इसके अलावा वुशू सांडा 56 किग्रा वर्ग में अपिल नागर, महिला कयाकिंग व कैनोइंग के सी वन स्प्रिंट 200 मीटर में शिवानी व महिला रोप मलखंब व्यक्तिगत एपरेट्स में राधा राजपूत ने कांस्य पदक हासिल किए।
इसी के साथ उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने मंगलवार को समाचार लिखे जाने तक एक स्वर्ण, एक रजत व तीन कांस्य पदक जीते । उत्तर प्रदेश इन खेलों में अब तक 20 स्वर्ण पदक, 18 रजत पदक व 17 कांस्य पदक सहित कुल 55 पदक जीत चुका है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि वुशु में पुरुष सांडा के 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश के सूरज यादव ने जम्मू-कश्मीर के अभिजीत सलाथिया को हराया। इस वर्ग में राजस्थान के शुभम गोरा और सर्विसेज के रामू दैमारी को संयुक्त कांस्य पदक मिला।
उन्होंने बताया कि पुरुष हॉकी के फाइनल में रोमांचक मुकाबले में कर्नाटक ने उत्तर प्रदेश की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 गोल से हराया। मैच में कर्नाटक की ओर से एसवी सुनील ने खेल के 25वें मिनट में एसवी सुनील ने प्रतिद्वंद्वी के डिफेंस को तेजी से भेदते हुए गोल दागकर टीम का खाता खोला। इसके बाद उत्तर प्रदेश की डिफेंस ने शानदार खेल दिखाया और कर्नाटक के खिलाड़ियों क हर अटैक को विफल किया। दूसरी ओर गोल दागने के लिए भी यूपी के खिलाड़ियों ने कोशिश जारी रखी। हालांकि वो भी प्रतिद्वंद्वी के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।
हालांकि खेल के 47वें मिनट में साथी खिलाड़ी से मिले पास पर सुमित ने उत्तर प्रदेश के लिए बराबरी का गोल दागा। इसके तीन मिनट बाद ही कर्नाटक की ओर से किए गए फाउल के चलते उत्तर प्रदेश को पेनाल्टी कार्नर मिला। खेल के 50वें मिनट में मिले इस पेनाल्टी कार्नर को मनीष यादव ने गोल में बदल कर टीम की बढ़त 2-1 कर दी। इसके बाद दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई आक्रामक मूव बनाए । इसी बीच ऐसा लगने लगा कि उत्तर प्रदेश मैच जीत लेगा।
तभी कर्नाटक से खेल के 56वें मिनट में हरीश मुटगार ने यूपी के गोलकीपर को छकाते हुए टीम को बराबरी दिला दी। निर्धारित समय में उत्तर प्रदेश व कर्नाटक 2-2 से बराबरी पर रही। इसके बाद शूटआउट में उत्तर प्रदेश से राजकुमार पाल, राहुल राजभर, विशाल सिंह, व सुमित कुमार ने गोल दागे जबकि राजू पाल गोल न कर सके। दूसरी ओर कर्नाटक की टीम ने भी 4 गोल दागे जिससे टाईब्रेकर में स्कोर 4-4 से बराबरी पर रहा।
इसके बाद सडेन डेथ में कर्नाटक के खिलाड़ी ने सफल शॉट खेला जबकि उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल का शॉट गोलपोस्ट से टकराकर बाहर निकल गया जिससे कर्नाटक ने खिताब अपनी झोली में डाल लिया।
उत्तर प्रदेश इससे पूर्व 37 साल पहले नेशनल गेम्स हॉकी के फाइनल में पहुंचा था। उत्तर प्रदेश ने 1985 में दिल्ली में हुए नेशनल गेम्स में पंजाब को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वुशु में पुरुष सांडा के 56 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश के अपिल नागर को कांस्य पदक मिला।
इसके अलावा कैनोइंग और कयाकिंग में महिला सी वन स्प्रिंट के 200 मीटर में उत्तर प्रदेश की शिवानी ने 55.210 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। महिला रोप मलखंब व्यक्तिगत एपरेट्स में राधा राजपूत ने 9.05 अंक के साथ कांस्य पदक जीते।
परिणाम (फाइनल):
कैनोइंग और कयाकिंग
महिला- C1 स्प्रिंट 200 मीटर: 1. मेघा प्रदीप (केरल) 52.213 सेकंड; 2. लीचोनबम नेहा देवी (ओडिशा) 55.150; 3. शिवानी (उत्तर प्रदेश) 55.210।
वुशु
सांडा-56 किग्रा वर्ग: अभिषेक जामवाल (जम्मू और कश्मीर) ने मयंक महाजन (पंजाब) को हराया; कांस्य पदक: ओंकार अनिल पवार (महाराष्ट्र) और अपिल नागर (उत्तर प्रदेश)।
सांडा-70 किग्रा वर्ग: सूरज यादव (उत्तर प्रदेश) ने अभिजीत सलाथिया (जम्मू और कश्मीर) को हराया। कांस्य पदक: शुभम गोरा (राजस्थान) और रामू दैमारी (सर्विसेज)।
पुरुष हॉकी फाइनल : कर्नाटक ने उत्तर प्रदेश को 2-2 (हाफ-टाइम: 1-0), पेनल्टी शूट-आउट में 4-4 और सडेन डेथ में 1-0 से हराया।