करण शर्मा की कप्तानी पारी और गेंदबाजों का कमाल, काशी रुद्रास फाइनल में
कप्तान करण शर्मा (43 रन) की उपयोगी पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से काशी रुद्रास ने यूपी टी20 लीग के पहले क्वालीफायर में मेरठ मावरिक्स को 5 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अटल बिहारी राय को मिला, जिन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में काशी रुद्रास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी।
टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 166 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 21 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।
कप्तान करण शर्मा ने 26 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्का लगाकर 43 रन की पारी खेली। विकेटकीपर उवैस अहमद ने भी तेज़ तर्रार 28 रन बनाए जिसमें 3 छक्के और 1 चौका शामिल था। विशाल चौधरी ने उवैस को आउट किया।
मेरठ मावरिक्स की शुरुआत खराब रही, जहां सलामी बल्लेबाज अक्षय दुबे मात्र 1 रन बनाकर सुनील दुबे के हाथों यशोवर्धन सिंह को कैच दे बैठे। स्वास्तिक चिकारा (25) और ऋतुराज शर्मा (65) ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज टिक नहीं सके।
कप्तान रिंकू सिंह ने 23 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों के साथ 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। काशी रुद्राक्ष से शिवम मावी ने 2 विकेट लिए, जबकि शिवा, करण, सुनील और मैन ऑफ द मैच अटल बिहारी राय ने 1-1 विकेट चटकाए।
मेरठ से विशाल चौधरी और जीशांन अंसारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। अंत में मेरठ की टीम 7 विकेट पर 161 रन ही बना सकी और काशी रुद्रास ने 5 रन से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
लखनऊ फॉल्कंस को फाइनल की उम्मीद, गोरखपुर लायंस का सफर थमा
लखनऊ : पहले एलिमिनेटर में लखनऊ फॉल्कंस ने गोरखपुर लायंस को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट की रोमांचक तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया। इस जीत ने फॉल्कंस को फाइनल की ओर बढ़ने का एक और मौका दिया है।
बुधवार को खेले गए मुकाबले में फॉल्कंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर की टीम पूरे प्रयास के बावजूद 147 रन तक ही सिमट गई और लीग से बाहर हो गई।
अब फॉल्कंस गुरुवार को दूसरे क्वालीफायर में मेरठ मावेरिक्स से भिड़ेंगे। इस मुकाबले में जीत उन्हें सीधे फाइनल में ले जाएगी, जहां खिताबी जंग और भी रोमांचक होने वाली है।