Trending

ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटाले में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी फंसे, ईडी ने तलब किया

भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अब प्रवर्तन निदेशालय की जांच के घेरे में आ गए हैं। उन्हें एक ऑनलाइन सट्टेबाजी एप के प्रचार से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

साभार : गूगल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म 1xBet से जुड़ा है, जिसका प्रचार शिखर धवन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर किया था। इससे पहले सुरेश रैना और हरभजन सिंह जैसे पूर्व क्रिकेटर्स से भी इसी मामले में ईडी पूछताछ कर चुकी है।

इसके अलावा विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज और उर्वशी रौतेला जैसे फिल्मी सितारों के नाम भी इस जांच में सामने आए हैं। ईडी का आरोप है कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट्स के जरिए हजारों करोड़ रुपये की कमाई की गई।

एजेंसी के मुताबिक, कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र और दुबई में मौजूद उनके सहयोगियों ने फर्जी ई-कॉमर्स कंपनियों की आड़ में कई गेमिंग वेबसाइट्स चला कर करीब 2,000 करोड़ रुपये का गोरखधंधा किया।

बताते चले कि केसी वीरेंद्र को अगस्त में सिक्किम से गिरफ्तार किया गया था, जब वह वहां एक कैसिनो किराए पर लेने पहुंचे थे। फिलहाल वह ईडी की हिरासत में हैं। केंद्र सरकार ने हाल ही में असली पैसे वाले ऑनलाइन गेमिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए इसे प्रतिबंधित किया है।

इसके बाद से ही ईडी ने इस तरह की अवैध सट्टेबाजी एप्स के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि शिखर धवन ईडी के सामने क्या बयान देते हैं, और क्या यह मामला भारतीय क्रिकेट के लिए नई मुश्किलें खड़ी करेगा। साथ ही यह देखना भी दिलचस्प होगा कि जांच के दायरे में और कौन-कौन बड़े नाम आते हैं।