Duleep Trophy: शार्दुल ठाकुर ने बल्ले से किया कमाल, दलीप ट्रॉफी में महज इतनी गेंदों पर जड़ दिए 64 रन

Duleep Trophy: दलीप ट्रॉफी 2025 के तहत सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा रहे हैं. दूसरे सेमीफाइनल में वेस्ट जोन और सेंट्रल जोन एक दूसरे के विरुद्ध खेलने उतरी है. जिसका आयोजन बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में किया गया है.
इस मैच में वेस्ट जोन ने पहले खेलते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया. जिसमें कप्तान शार्दुल ठाकुर का अहम योगदान रहा. 33 वर्षीय ऑलराउंडर ने बल्ले से धमाल मचाते हुए 64 रनों की लाजवाब पारी खेली.
शार्दुल ठाकुर ने बल्ले से मचाया धमाल
टीम इंडिया के अनुभवी खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर दलीप ट्रॉफी 2025 का दूसरा सेमीफाइनल खेल रहे हैं. उनके हाथों में वेस्ट जोन की कमान है. शार्दुल ने अपनी टीम का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है. सेंट्रन जोन के खिलाफ उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. शार्दुल को बल्लेबाजी का मौका मिला, तो उन्होंने मौका जाने नहीं दिया. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 64 रनों की बेहतरीन पारी खेली.
उनकी ये पारी 98 गेंदों पर आई. अपनी पारी के दौरान शार्दुल ने सात चौके व एक छक्का लगाया. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 65.30 का रहा. वह थोड़े से दुर्भाग्यशाली रहे. शार्दुल ठाकुर आयुष पांडे के डायरेक्ट हिट पर रन आउट हो गए. हालांकि उन्होंने अपनी टीम को एक बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया था. वेस्ट जोन के खिलाड़ी ने तनुष कोटियान के साथ सातवें विकेट के लिए 84 रनों की अच्छी साझेदारी की.
ऐसा है दूसरे सेमीफाइनल का हाल
इस मैच के स्कोरकार्ड पर नजर डालें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट जोन ने पहली पारी में 438 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. ऋतुराज गायकवाड़ ने 184 रनों की पारी खेली. तुनष कोटियान ने 76 रनों का योगदान दिया. सेंट्रल जोन के लिए सारांश जैन और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट हासिल किए. इसके जवाब में पहली पारी में खेलने आई सेंट्रल जोन की टीम ने 2 विकेट खोकर 219 रन बना लिए थे. ये टीम अभी भी 215 रनों से पीछे है.