Trending

काशी रुद्रास दूसरी बार यूपी टी-20 लीग चैंपियन, मेरठ मावरिक्स को दी पटखनी

लखनऊ। काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग 2025 के फाइनल मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ मावरिक्स को 8 विकेट से पराजित कर दूसरी बार खिताबी जीत अपने नाम की।

इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ मावरिक्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन बनाए, जबकि काशी रुद्रास ने लक्ष्य को 15.4 ओवर में मात्र 2 विकेट गंवाकर हासिल कर जीत का झंडा फहराया।

फाइनल की शुरुआत में मेरठ मावरिक्स की शुरुआत बेहद संघर्षपूर्ण रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने शुरुआती 10 ओवर में 4 विकेट खो दिए और स्कोर केवल 48 रन था।

अक्षय दुबे (17 रन) और सात्विक चिकारा जल्दी आउट हो गए। कप्तान माधव कौशिक ने भी महज 6 रन बनाकर पवेलियन जाना पड़ा।

प्रशांत चौधरी ने कुछ राहत दी और 37 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज लंबे समय तक टिक नहीं पाए। रितिक वत्स ने तेज अंदाज में 18 रन बनाए, लेकिन उनका योगदान भी सीमित रहा। अंत में कार्तिक त्यागी ने नाबाद 6 रन से टीम को 144 रन पर रोकने में मदद की।

काशी रुद्रास की ओर से कार्तिक यादव और शिवम मावी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सुनील कुमार ने भी 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत काशी ने मेरठ को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की ओपनिंग जोड़ी ने मैच की दिशा तय कर दी। कप्तान करण शर्मा ने 31 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

उनके साथ अभिषेक गोस्वामी ने भी 57 रन की नाबाद पारी खेल टीम को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाजों के संयोजन से काशी ने आसानी से लक्ष्य पूरा करते हुए 15.4 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल की।

टीम से कप्तान करण शर्मा और अभिषेक गोस्वामी की जबरदस्त बल्लेबाजी, साथ ही टीम के गेंदबाजों का सटीक प्रदर्शन, खास तौर पर कार्तिक यादव, शिवम मावी और सुनील कुमार की प्रमुख भूमिका रही।

फाइनल में रणनीति और टीम वर्क की शानदार मिसाल पेश करते हुए काशी ने विजयी टीम की पहचान बनाई। इस शानदार जीत के साथ काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया और इस सीजन का दबदबा कायम रखा। लीग के पहले सीजन में काशी चैंपियन बनी थी जबकि दूसरे सीजन में मेरठ ने खिताब जीता था।