Trending

एमएस धोनी जैसा कोई नहीं, ब्रेविस ने साझा की दिल छू लेने वाली बातें

दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस, जिन्हें ‘बेबी एबी’ के नाम से भी जाना जाता है, दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी की विनम्रता से काफी प्रभावित हैं।

साभार : गूगल

22 वर्षीय ब्रेविस का कहना है कि धोनी का जमीन से जुड़ा व्यवहार उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। ब्रेविस आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स से खेले थे और इस दौरान उन्हें धोनी को करीब से जानने का मौका मिला।

सीएसके द्वारा साझा एक वीडियो में ब्रेविस ने कहा, “एमएस के बारे में सबसे खास बात यह है कि वह बेहद विनम्र हैं। वह एक बेहतरीन इंसान हैं। यही चीज मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती है। मैदान के बाहर भी वह शानदार इंसान हैं। उनके पास खिलाड़ियों और दूसरे लोगों के लिए हमेशा समय होता है। उनका कमरा हर वक्त खुला रहता है।

बस जब वह सो रहे होते हैं, तभी दरवाजा बंद होता है।” उन्होंने बताया कि वह बिना किसी संकोच के धोनी के कमरे में चले जाया करते थे और उनकी बातचीत केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहती थी। उन्होंने कहा, “मैंने कई बार उनके कमरे में वक्त बिताया है। हम उनकी हॉबीज़, क्रिकेट देखने और दूसरे विषयों पर बातें करते थे।

यह देखना बेहद खास था कि धोनी मैदान के बाहर कैसे रहते हैं। हर कोई जानता है कि वह मैदान पर क्या कर सकते हैं, लेकिन उनके साथ समय बिताना एक यादगार अनुभव रहा।”

आईपीएल 2025 में ब्रेविस को सीएसके ने गुरजपनीत सिंह के चोटिल होने के बाद रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था। उन्होंने टीम के लिए 6 मैचों में 37.50 के औसत और 180.00 के स्ट्राइक रेट से कुल 225 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक भी हैं। ब्रेविस ने आईपीएल में अपना डेब्यू 2022 में मुंबई इंडियंस से किया था।

उन्होंने अब तक लीग में 22 मैच खेले हैं, जिसमें 28.44 के औसत से 455 रन बनाए हैं और इस दौरान 33 छक्के भी लगाए हैं। धोनी के साथ बिताया गया यह अनुभव ब्रेविस के करियर का एक खास हिस्सा बन गया है, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे।