पीवी सिंधु हांगकांग ओपन से बाहर, फॉर्म में वापसी को लगा झटका
दो बार की भारतीय ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु बुधवार को तीन गेम तक चले मैच में डेनमार्क की गैरवरीय लाइन क्रिस्टोफरसन से हारकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

पिछले महीने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली सिंधु राउंड-ऑफ-32 मुकाबले में डेनमार्क की निचली रैंकिंग वाली खिलाड़ी से एक घंटे से भी कम समय में 21-15, 16-21, 19-21 से हारी।
यह सिंधु की 25 वर्षीय क्रिस्टोफरसन के खिलाफ छह मैचों में पहली हार है। उन्हें यह हार ऐसे समय में मिली है जब वह फॉर्म में वापसी का संकेत दे रही थी। यह स्टार भारतीय खिलाड़ी इस साल के शुरू में स्विस ओपन और जापान ओपन में शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थी।
सिंधु ने पहले गेम में 3-1 की शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी ने 5-5 से बराबरी कर ली। सिंधु ने इसके बाद अपने खेल का स्तर बढ़ाया और लगातार अंक बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।
दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी 13-12 से आगे थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक गंवा दिए। तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की।
इस गेम में दोनों खिलाड़ी एक समय 19-19 की बराबरी पर थे, लेकिन क्रिस्टोफरसन ने लगातार दो अंक बनाकर सिंधू का सफर यहीं पर समाप्त कर दिया।
रुतपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी को राउंड-32 के मैच में हांगकांग की ओई की वेनेसा पांग और सुम याउ वोंग से मात्र 28 मिनट में 17-21, 9-21 से हार मिली। चेन चेंग कुआन और ह्सू यिन-हुई की चीनी ताइपे की जोड़ी ने ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो को 31 मिनट में 16-21, 11-21 से हराया।