Trending

एशिया कप : श्रीलंका की जीत, हांगकांग की खराब फील्डिंग पड़ी भारी

एशिया कप का आठवां मुकाबला सोमवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां श्रीलंका ने हांगकांग को 4 विकेट से हराया।

साभार : गूगल

इस मैच में हांगकांग टीम ने खराब फील्डिंग का प्रदर्शन करते हुए एक ही पारी में 6 कैच टपकाए, जिससे वो उन चुनिंदा टीमों की सूची में शामिल हुई, जिन्होंने टी20 की एक पारी में सबसे ज्यादा कैच छोड़े हैं।

टी20 इतिहास में यह चौथी बार है जब किसी टीम ने एक पारी में 6 कैच छोड़े हों। इससे पहले 2009 में भारत ने मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ ऐसा किया था। 2017 में साउथ अफ्रीका ने केपटाउन में श्रीलंका के खिलाफ 6 कैच छोड़े थे। 2024 में ऑस्ट्रेलिया ने ग्रोस आइलेट में स्कॉटलैंड के खिलाफ इतने ही कैच टपकाए थे।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हांगकांग टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 149 रन बनाए। सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। जीशान अली (23 रन, 17 गेंद, 2 चौके) और अंशुमान रथ ने 4.5 ओवरों में 41 रन जोड़े।

तीसरे नंबर पर आए बाबर हयात सिर्फ 4 रन बना सके। अंशुमान रथ और निजाकत खान के बीच तीसरे विकेट के लिए 61 रन की अहम साझेदारी हुई। अंशुमान रथ ने 46 गेंदों में 48 रन बनाए। निजाकत खान ने नाबाद 52 रन (38 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के) की बेहतरीन पारी खेली।

श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में दुष्मंथा चमीरा ने 2 विकेट, वानिंदु हसरंगा और दासुन शनाका को 1-1 विकेट की सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम ने 18.5 ओवरों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पाथुम निसांका ने सबसे अधिक 68 रन (44 गेंद, 6 चौके, 2 छक्के) बनाए। श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरुआत में स्थिर रही, लेकिन बीच में लगातार विकेट गिरते रहे।

अंततः निचले क्रम के बल्लेबाज़ों ने लक्ष्य तक पहुंचने में अहम योगदान दिया। हांगकांग की गेंदबाजी में कप्तान यासिम मुर्तजा को 2 विकेट, आयुष शुक्ला, एहसान खान और एजाज खान को 1-1 विकेट की सफलता हाथ लगी।

मैच का निष्कर्ष:

मैन ऑफ द मैच: पाथुम निसांका (68 रन) मुख्य कारण: हांगकांग की खराब फील्डिंग और 6 कैच टपकाना मैच के नतीजे में निर्णायक साबित हुआ