Trending

भूकंप पीड़ितों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं: गुलबदीन नायब

अफगानिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी गुलबदीन नायब ने गुरुवार को बोला कि उनकी टीम एशिया कप जीतकर हाल ही में आए भूकंप से तबाह हुए देशवासियों के चेहरों पर मुस्कान लाना चाहती है। 31 अगस्त को अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के नर्गल जिले में आए भूकंप में 2000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

साभार : गूगल

एक बातचीत में नायब ने कहा, “अफगानिस्तान में आए भूकंप के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। कई लोगों की जान चली गई। यह एक बेहद मुश्किल समय है, जहां बुनियादी सुविधाओं की भी भारी कमी है।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन अगर हम यह टूर्नामेंट जीत जाते हैं, तो यह न सिर्फ हमारे लिए, बल्कि हमारे देश के लोगों के लिए भी बेहद खुशी का पल होगा। हम उन्हें थोड़ी राहत, थोड़ी खुशी दे सकते हैं।”

नायब ने यह भी बताया कि अफगानिस्तान की टीम को संयुक्त अरब अमीरात की परिस्थितियों की अच्छी समझ है, क्योंकि उन्होंने वहां काफी क्रिकेट खेली है। “यहां गर्मी जरूर है, लेकिन हम इन हालातों से वाकिफ हैं।

यूएई हमारे लिए दूसरे घर जैसा है,” उन्होंने कहा। 34 वर्षीय नायब ने टी-20 क्रिकेट को अनिश्चितताओं से भरा प्रारूप बताते हुए कहा कि इस फॉर्मेट में कोई भी टीम फेवरिट नहीं मानी जा सकती।

“टी-20 में कोई भी टीम प्रबल दावेदार नहीं होती। यह इस पर निर्भर करता है कि उस दिन कौन बेहतर खेलता है। अगर दिन आपके पक्ष में है, तो आप किसी भी टीम को हरा सकते हैं,” नायब ने कहा।