Trending

अक्षर पटेल की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, पाकिस्तान मैच पर सस्पेंस

स्टार भारतीय हरफनमौला अक्षर पटेल को ओमान के खिलाफ एशिया कप 2025 ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में चोट लगी थी, जिसके बाद वह मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। उनकी इस चोट ने भारतीय टीम और फैंस दोनों की टेंशन बढ़ा दी है। दरअसल, रविवार 21 सितंबर को भारत को पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 का अपना पहला मैच खेलना है।

साभार : गूगल

अगर अक्षर की यह चोट गंभीर है या फिर उन्हें इस चोट के बाद सहज महसूस नहीं हो रहा तो वह भारत बनाम पाक हाईवोल्टेज मैच से बाहर भी हो सकते हैं। हालांकि मैच खत्म होने के बाद फील्डिंग कोच टी दिलीप ने उनकी चोट पर अपडेट दिया है।

एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार टी दिलीप ने इंडिया वर्सेस ओमान मैच के बाद बताया कि अक्षर पटेल ठीक हैं। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के लिए उपलब्ध हो पाएंगे या नहीं।

अगर अक्षर पटेल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलते तो यह भारत के लिए बड़ा झटका होगा, बॉलिंग के साथ बैटिंग में भी टीम इंडिया को नुकसान होगा। अक्षर के बाहर होने से भारत को दुबई की स्पिन फ्रेंडली पिच पर तीसरे स्पिनर की कमी खलेगी।

अक्षर पटेल के बाद सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के पास तीसरे स्पिनर का ऑपशन भी नहीं है, ऐसे में भारत को अर्शदीप को खिलाना होगा। अक्षर पटेल के सिर पर चोट ओमान की पारी के 15वें ओवर में लगी जब वह मिड ऑफ में फील्डिंग कर रहे थे।

हम्माद मिर्जा के शॉट को रोकने के लिए वह अपनी बाईं ओर दौड़े। दो बार लड़खड़ाने और तीसरी बार गेंद पकड़ने की कोशिश में संतुलन खोने के बाद, अक्षर को अपना सिर पकड़कर मैदान से बाहर जाते देखा गया। उन्होंने ओमान के खिलाफ 1 ही ओवर डाला था। वहीं बल्लबाजी में 13 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया था।